छत्तीसगढ़

विधायक भावना बोहरा ने अमलीटोला में किया नए आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण

Shantanu Roy
9 July 2026 8:02 PM IST
विधायक भावना बोहरा ने अमलीटोला में किया नए आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण
x
छग
Amlitola. अमलीटोला। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बदना अंतर्गत अमलीटोला में आज नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नए भवन का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रवासियों और ग्रामीणों को बधाई दी। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि नया आंगनबाड़ी भवन बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाओं का विकास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश और देश में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, पोषण और बाल विकास से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव में बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन के शुरू होने से स्थानीय बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। यहां बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ पोषण आहार, स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के विकास और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं।

इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ माताओं को भी स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ मजबूत किया जाएगा। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण को क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया और विधायक का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कहा कि नए भवन के बनने से बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे केंद्र का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा और बच्चों को बेहतर माहौल मिलेगा। आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण क्षेत्र में बाल विकास और महिला कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
Next Story