छत्तीसगढ़
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जुटी विधायक भावना बोहरा
Shantanu Roy
12 Nov 2025 8:04 PM IST

x
छग
Pandaria. पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने आज साहू समाज भवन, वीरेंद्र नगर में आयोजित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025 (Special Intensive Revision - SIR) की कार्यशाला में शिरकत की। यह कार्यशाला बूथ व शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों, सह-संयोजकों, बूथ अध्यक्षों एवं बूथ समितियों के सदस्यों के लिए आयोजित की गई थी। कार्यशाला में विधायक भावना बोहरा ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार सटीक और अद्यतन मतदाता सूची है। उन्होंने कहा कि “मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को केवल प्रशासनिक प्रक्रिया न समझें, यह लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का अभियान है। हर पात्र नागरिक का नाम सूची में जुड़ना और अपात्र नामों का हटना—दोनों ही कार्य समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार वोट देने वाले नागरिकों को सूची में शामिल करने पर जोर दिया। विधायक बोहरा ने यह भी कहा कि आज के डिजिटल युग में कई मतदाता अपने पते या निवास परिवर्तन के कारण सूची से वंचित रह जाते हैं। ऐसे सभी नागरिकों की पहचान कर उन्हें पुनः सूची में जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान-2025 के तहत 16 दिसंबर तक सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकते हैं।
कार्यशाला में पंडरिया क्षेत्र के सभी बूथ प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक और बूथ कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े तकनीकी पहलुओं—जैसे कि फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), फॉर्म-7 (नाम हटाने हेतु) और फॉर्म-8 (जानकारी संशोधन हेतु) की विस्तृत जानकारी दी गई। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सभी शक्ति केंद्र प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र की ताकत जनता है, और जनता की आवाज़ को सही ढंग से दर्ज करना हम सबकी जिम्मेदारी है। एक भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, यही हमारा संकल्प होना चाहिए।” कार्यशाला के अंत में उपस्थित सदस्यों ने SIR अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और मतदाता सूची को त्रुटि रहित व अद्यतन रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
Tagsपंडरियाभावना बोहरामतदाता सूची पुनरीक्षण 2025SIR अभियानबूथ प्रभारी कार्यशालासाहू समाज भवन वीरेंद्र नगरलोकतंत्र सशक्तिकरणनिर्वाचन प्रक्रियाफॉर्म-6 फॉर्म-7 फॉर्म-8युवा मतदाताछत्तीसगढ़ विधानसभाPandariyaBhavna BohraVoter List Revision 2025SIR CampaignBooth Incharge WorkshopSahu Samaj Bhawan Virendra NagarDemocracy EmpowermentElection ProcessForm-6 Form-7 Form-8Young VotersChhattisgarh Assembly
Next Story





