छत्तीसगढ़

विधायक भावना बोहरा की अमरकंटक से 151 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा शुरू

Shantanu Roy
10 Aug 2026 3:59 PM IST
विधायक भावना बोहरा की अमरकंटक से 151 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा शुरू
x
छग
Kawardha. कवर्धा। सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर अमरकंटक से भक्ति और आस्था से जुड़ी भव्य कांवड़ यात्रा की शुरुआत हुई। मां नर्मदा के उद्गम स्थल से पवित्र जल लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 500 से अधिक कांवड़िए 151 किलोमीटर की पदयात्रा पर रवाना हुए। यात्रा के दौरान कांवड़िए पैदल सफर तय करते हुए जलेश्वर महादेव डोंगारिया और ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचेंगे। यहां मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत से पहले अमरकंटक स्थित मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विधायक भावना बोहरा ने कांवड़ में मां नर्मदा का जल धारण किया और पदयात्रा की शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पत्थलगांव विधायक गोमती साय और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
यात्रा शुरू होते ही अमरकंटक का वातावरण धार्मिक उत्साह से भर गया। कांवड़िए और उनके साथ चल रहे श्रद्धालु लगातार ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष करते नजर आए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समर्थकों के शामिल होने से यात्रा का माहौल भक्तिमय बना रहा। कांवड़िए मां नर्मदा के उद्गम स्थल से जल लेकर भगवान शिव के धाम तक पहुंचने के संकल्प के साथ आगे बढ़े।
यह कांवड़ यात्रा करीब 151 किलोमीटर लंबी है। यात्रा में शामिल श्रद्धालु पैदल अलग-अलग पड़ावों से होते हुए अपने निर्धारित गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य अमरकंटक से लाए गए मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करना है। कांवड़िए पहले जलेश्वर महादेव डोंगारिया और इसके बाद ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर में पहुंचकर जल अर्पित करेंगे।
Next Story