छत्तीसगढ़
MLA अनुज शर्मा 144 गांवों की जनता से करेंगे सीधा संवाद, CM साय ने यात्रा को दिखाई हरी झंडी
Shubhra Nandy
23 Nov 2026 7:30 AM IST

x
CM ने की की सराहना
धरसींवा : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा की 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्राम चरौदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर से शुरू हुई यह यात्रा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों से सीधे संवाद करना, उनकी समस्याओं को जानना और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहायता करना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ जशपुर राजपरिवार के प्रमुख एवं पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद सेवा संवाद यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया।
प्रदेश के लिए उदाहरण बनेगी यात्रा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए काम करना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अनुज शर्मा के कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अब वे जनसेवा के क्षेत्र में भी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 दिनों के भीतर 144 गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करने की पहल धरसींवा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा जनसंपर्क और सुशासन के क्षेत्र में पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक उदाहरण बनेगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से जनचौपाल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और अपनी समस्याओं को जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की।
अनुज शर्मा बोले- अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना संकल्प
विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा संवाद यात्रा का मुख्य उद्देश्य धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और धान खरीदी सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है या नहीं। विधायक के अनुसार, प्रत्येक पंचायत में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना जाएगा, ताकि उन्हें अपनी परेशानियों के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। उन्होंने सेवा संवाद यात्रा को धरसींवा के विकास, विश्वास और जनसेवा से जुड़ी पहल बताया।
25 दिनों में 144 गांवों का दौरा करेंगे विधायक
सेवा संवाद यात्रा की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार, विधायक अनुज शर्मा 25 दिनों में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के 144 गांवों तक पहुंचेंगे। इस दौरान प्रतिदिन औसतन पांच से छह गांवों का दौरा करने की योजना बनाई गई है। विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के साथ बैठकें और जनचौपाल आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय नागरिक अपनी समस्याएं और विकास से जुड़ी मांगें सीधे विधायक के समक्ष रख सकेंगे। यात्रा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी।
जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
यात्रा के पहले दिन विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया और ग्रामीणों से मुलाकात की। जनचौपाल के दौरान लोगों ने मूलभूत सुविधाओं, स्थानीय आवश्यकताओं और व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित विषय उनके सामने रखे। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अभियान के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Next Story





