छत्तीसगढ़

लापता युवती तमिलनाडु में मिली पॉक्सो मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
22 Sept 2026 6:23 PM IST
लापता युवती तमिलनाडु में मिली पॉक्सो मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। महिला और नाबालिगों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कोतरारोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रायगढ़ से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को तमिलनाडु के तिरुपुर जिले से सकुशल दस्तयाब किया है। इसके साथ ही युवती को कथित तौर पर अपने साथ ले जाने वाले विजय सिदार (20) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार विजय पहले से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक मामले में फरार था तथा उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था।

नाबालिग ने जनवरी में दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक 26 जनवरी 2026 को कोतरारोड थाना क्षेत्र की 17 वर्ष 6 माह की नाबालिग अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची थी। उसने विजय सिदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विजय उसे मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता था और स्कूल आने-जाने के दौरान उसका पीछा भी करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि 26 जनवरी को आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। शिकायत के आधार पर कोतरारोड थाने में अपराध क्रमांक 27/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी से बचने बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से विजय सिदार फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई स्थानों पर पतासाजी की, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पॉक्सो मामले में समयसीमा को देखते हुए पुलिस ने फरारी में चालान तैयार कर मार्च 2026 में न्यायालय के समक्ष पेश किया था। इसके बाद एफटीएससी पॉक्सो एक्ट न्यायालय रायगढ़ से आरोपी विजय सिदार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

सितंबर में घर से लापता हुई युवती
पुलिस के अनुसार बालिग होने के बाद युवती 17 सितंबर को बिना बताए घर से चली गई। परिजनों ने 18 सितंबर को कोतरारोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 54/2026 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। परिजनों और सहेलियों से पूछताछ में विजय सिदार पर संदेह जताया गया। पुलिस को पहले उसकी लोकेशन जम्मू में मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद एक टीम जम्मू रवाना की गई। वहां स्थानीय पुलिस की सहायता से दोनों की तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चला।

तमिलनाडु के कपड़ा कारखाने तक पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने आरोपी से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाना जारी रखा। इसी दौरान पता चला कि विजय तमिलनाडु के तिरुपुर जिले में एक कपड़ा कारखाने में काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तमिलनाडु रवाना हुई। पुलिस ने वहां घेराबंदी कर विजय सिदार को पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद युवती को भी सकुशल दस्तयाब किया गया। पुलिस के मुताबिक युवती ने अपने बयान में आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने की बात कही है।

वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर भेजा जेल
कोतरारोड पुलिस ने विजय सिदार को पूर्व में दर्ज दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल और आरक्षक चंद्रेश पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को रायगढ़ पुलिस प्राथमिकता से ले रही है। ऐसे मामलों में पीड़ितों की सुरक्षा और फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Next Story