छत्तीसगढ़

लापता नाबालिग बालिका को इंदौर से किया बरामद, आरोपी युवक और मामा गिरफ्तार

Shantanu Roy
21 Nov 2025 12:16 AM IST
लापता नाबालिग बालिका को इंदौर से किया बरामद, आरोपी युवक और मामा गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। एसपी दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन तथा एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर पुलिस ने एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की। इंस्टाग्राम पर बनाए गए संपर्क के आधार पर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर इंदौर ले जाने वाले आरोपी युवक नितेश नायर और उसके मामा लालसिंह जादौन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। 09 नवंबर 2025 को बालिका के अभिभावक ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी
नाबालिग
पुत्री को 06 नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर घर से ले जाकर लापता कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 499/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच और सुराग
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका इंदौर में है। इसके बाद 18 नवंबर को चक्रधरनगर पुलिस की विशेष टीम इंदौर रवाना हुई और वहां नितेश नायर के कब्जे से बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। बालिका ने महिला अधिकारी के समक्ष बयान दिया कि करीब तीन माह पहले उसकी इंस्टाग्राम पर नितेश से जान-पहचान हुई थी। इंस्टाग्राम चैट के माध्यम से मोबाइल नंबर साझा करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। नितेश ने प्रेम का झांसा देकर शादी का वादा किया और इंदौर आने को कहा। इसके बाद 06 नवंबर को बालिका अपनी सहेली के साथ घर से निकली। इंदौर स्टेशन पर नितेश उन्हें लेने आया और अपने मामा के घर ले गया। दो दिन बाद बालिका की सहेली को रायगढ़ जाने के लिए ट्रेन में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
चक्रधरनगर पुलिस ने नितेश नायर और उसके मामा लालसिंह जादौन को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। बालिका के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर नितेश के खिलाफ धारा 65(1), 87, 238, 3(5) बीएनएस और 06 पाक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया। इस पूरे ऑपरेशन में प्रभारी थाना उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय और महिला आरक्षक माधुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोशल मीडिया पर सुरक्षा संदेश
पुलिस ने अभिभावकों और बच्चों को चेताया कि इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अजनबियों से चैटिंग करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने और मिलने जाने से गंभीर अपराध घटित हो सकते हैं। अभिभावकों को अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें सोशल मीडिया के जोखिमों के बारे में जागरूक करना चाहिए।
गिरफ्तार आरोपी
नितेश नायर, पिता दामोदर नायर, उम्र 30 वर्ष, निवासी देवास रोड लसुड़िया मोरी, थाना लसुडिया, जिला इंदौर (मुख्य आरोपी)
लालसिंह जादौन उर्फ मामा, पिता प्रेम सिंह जादौन, उम्र 55 वर्ष, निवासी 1099/30 नन्दा नगर, थाना परदेशीपुरा, जिला इंदौर (सहयोगी)
Next Story