छत्तीसगढ़

जंगल में लिफ्ट मांगकर गाड़ी में बैठे बदमाश, सराफा कारोबारी से 2 करोड़ से ज्यादा की लूट

jantaserishta.com
10 Nov 2026 2:20 PM IST
जंगल में लिफ्ट मांगकर गाड़ी में बैठे बदमाश, सराफा कारोबारी से 2 करोड़ से ज्यादा की लूट
x
छत्तीसगढ़.
जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 पर सोमवार शाम सराफा कारोबारी से लूट हुई है। दो अज्ञात बदमाशों ने 2 करोड़ रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। व्यापारी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद एक व्यापारी के साथ बुकिंग पर ली गई गाड़ी से गीदम स्थित अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान जंगल में 2 बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने गाड़ी रुकवाई और उसमें बैठ गए। इसके बाद दोनों ने व्यापारी और ड्राइवर की कनपटी पर बंदूक तान दी। चाकू की नोक पर धमकाकर आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
इसके अलावा बैग में 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस की जांच और आभूषणों के सत्यापन के बाद ही लूट की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी। मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी स्वरुप सोनी शाम के समय भैरमगढ़ से गीदम के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ एक व्यापारी भी था। दोनों निजी गाड़ी बुक कर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र में बीच जंगल में अज्ञात लोगों ने सड़क पर हाथ दिखाकर गाड़ी रुकवाई।
इसके बाद 2 लोग गाड़ी में सवार हो गए और कुछ दूर आगे ले जाने के बाद व्यापारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर धमकाया। बदमाशों ने दोनों की कनपटी पर बंदूक तान दी और चाकू भी अड़ा दिया। इसके बाद सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
वारदात के बाद बदमाश कुछ दूरी पर व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। वारदाता के बाद किसी तरह व्यापारी पुलिस थाने पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
बदमाश कौन थे और उन्होंने वारदात को किस तरह अंजाम दिया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के रास्तों और वारदात स्थल से जुड़े सुराग खंगाल रही है। नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल का कहना है कि लूट कितने ग्राम सोने-चांदी के आभूषणों की हुई है ये अभी स्पष्ट नहीं है। व्यापारी हिसाब कर के आएंगे बोले हैं। उन्होंने कहा कि, हम मामले की जांच कर रहे हैं।
बता दें कि धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सर्राफा दुकान में भी चोरी हुई थी। ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपए बताई गई थी। हालांकि, इस सबंध में पुलिस जल्द ही खुलासा कर सकती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story