जिला अस्पताल में दंपति के साथ दुर्व्यवहार, शिकायत पर सिविल सर्जन ने लिया एक्शन

बिलासपुर। जिला अस्पताल में जांच कराने पहुंची गर्भवती महिला और उसके पति के साथ पर्ची और कैश काउंटर के दो कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार किया। उनसे नई बिल्डिंग के लिए पर्ची काटने की बात कही गई, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। और उल्टे महिला के पति पर दबाव बनाने लगे। जिसकी शिकायत सिविल सर्जन से हुई। मामले के बाद सिविल सर्जन ने दो कर्मचारियों को नोटिस देकर अस्पताल की छवि धूमिल करने की बात लिखी है। कोमलचंद्र देवांगन ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की है। उन्होंने बताया है कि शेख अयूब और धमेंद्र लहरे ने उनके और उनकी पत्नी से बुरा व्यवहार किया है। वे 5 नवंबर को साढ़े 10 बजे अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचे।
लंबी लाइन में लगने के बाद जब उनका पर्ची कटाने के लिए नंबर लगा। इसके बाद कोमल ने नई बिल्डिंग की पर्ची काटने की बात कही, तो दोनों कर्मचारियों ने उन्हें मना किया। कोमलचंद देवांगन ने कर्मचारियों को इसके संदर्भ में वहां बोर्ड लगवाने की बात कही, तो कर्मचारियों ने बुरा भला कहना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत बड़े अधिकारियों से की। मामले में जब कलेक्टर ने सिविल सर्जन से जवाब मांगा तो उन्होंने दोनों कर्मचारियों को नोटिस जारी किया। फिलहाल कर्मचारियों की तरफ से इस मामले में जवाब पेश नहीं किया गया है।