छत्तीसगढ़

आर्केस्ट्रा देखने जा रही नाबालिग से गैंगरेप, चार आरोपी हिरासत में

Shantanu Roy
7 Oct 2026 3:44 PM IST
आर्केस्ट्रा देखने जा रही नाबालिग से गैंगरेप, चार आरोपी हिरासत में
x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोप है कि बाइक और स्कूटी सवार चार लड़कों ने छात्रा और उसकी सहेली को कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने का झांसा दिया। इसके बाद एक छात्रा को आर्केस्ट्रा स्थल पर पहुंचा दिया गया, जबकि दूसरी नाबालिग को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों में एक नाबालिग भी बताया जा रहा है।
घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की रात लुंड्रा इलाके में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए दो नाबालिग छात्राएं पैदल जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार चार लड़के वहां पहुंचे। उन्होंने दोनों छात्राओं से कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही। दोनों छात्राएं आरोपियों की बात पर भरोसा कर उनके साथ बैठ गईं। एक छात्रा बाइक पर बैठी, जबकि दूसरी छात्रा को स्कूटी पर बैठाया गया। आरोप है कि बाइक पर बैठी छात्रा को आरोपियों ने लुंड्रा में आयोजित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा दिया, लेकिन स्कूटी पर बैठी दूसरी नाबालिग को कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय आरोपी दूसरी दिशा में ले गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्रा को एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां पहुंचने के बाद उसने फोन करके अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद चारों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची। उसने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजन अगले दिन नाबालिग को लेकर लुंड्रा थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने अगासी क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। इस दौरान एक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस टीम उसकी लगातार तलाश करती रही और देर रात उसे भी पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार इस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। लुंड्रा पुलिस पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों को विवेचना में शामिल किया जाएगा।
Next Story