छत्तीसगढ़

Amritdhara Falls में डूबा युवक, दर्दनाक मौत

Shantanu Roy
9 Jun 2024 5:31 PM GMT
Amritdhara Falls में डूबा युवक, दर्दनाक मौत
x
छग
Manendragarh. मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के अमृतधारा जलप्रपाप में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचा युवक नहाने के दौरान गहराई में डूब गया। नागपुर चौकी पुलिस सूचना पर शाम को मौके पर पहुंची एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक का शव नदी से निकाल लिया गया। युवक के शव को मरर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, चिरमिरी के हल्दीबाड़ी अंतर्गत पंखादफाई निवासी विजय साहू (24) रविवार को अपने पांच अन्य दोस्तों सोनू सिंह, सूरज, सनी, विनय व राजकुमार के साथ पिकनिक मनाने के लिए अमृतधारा जलप्रपात पहुंचा था। सभी ने मिलकर वहां खाना भी बनाया। शाम को वे नहाने के लिए हसदेव नदी में जलप्रपात के नीचे वाले क्षेत्र में चले गए। पिकनिक मनाने गए युवकों में सिर्फ सोनू सिंह तैरना जानता था।

वह नदी में थोड़ा आगे जाकर नहा रहा था, जहां पानी गहरा था। सोनू सिंह के पीछे विजय साहू भी नदी में आगे चला गया, जहां करीब 10 फुट बाद नदी एकाएक गहरी है। विजय साहू गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख सोनू सिंह ने बचाने की कोशिश की, लेकिन व उसे नहीं खोज सका। चिरमिरी क्षेत्र से आए अन्य युवकों ने भी उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चला। युवक के डूबने की सूचना पर शाम को नागपुर चौकी प्रभारी दिनेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को मनेंद्रगढ़ मरर्च्युरी में रखवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा। हसदेव नदी पर स्थित अमृतधारा जलप्रपात को देखने एवं पिकनिक मनाने बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां कई स्थानों पर नदी काफी गहरी है, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। मौके पर पूर्व में भी लोगों के डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसे देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस ने कुछ स्थानों को खतरनाक क्षेत्र भी घोषित किया है।
Next Story