छत्तीसगढ़

दिल्ली प्रवास पर मरकाम, संगठन की सूची पर लगेगी मुहर

Admin2
5 Dec 2020 6:11 AM GMT
दिल्ली प्रवास पर मरकाम, संगठन की सूची पर लगेगी मुहर
x

रायपुर (जसेरि)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुए। मरकाम अपने साथ संगठन विस्तार की सूची लेकर गए हैं। दिल्ली में आला नेताओं से मुलाकात और मंथन के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश के आला नेताओं ने मुख्यमंत्री निवास पर संगठन विस्तार को लेकर 95 फीसद नाम तय कर दिए थे। बचे नाम पर सामंजस्य बिठाने के बाद मरकाम एक सूची लेकर रवाना हुए हैं। इसमें प्रदेश स्तर से लेकर ब्लाक स्तर के पदाधिकारियों का नाम शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि केंद्रीय नेताओं से चर्चा के बाद सूची जारी की जाएगी। इधर, निगम-मंडल को लेकर एक बार फिर आठ दिसंबर को मुख्यमंत्री निवास में बैठक होगी। इसमें निगम-मंडल को अंतिम रूप दिया जाएगा। निगम-मंडल से पहले संगठन की सूची जारी कर दी जाएगी।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो निगम-मंडल में संगठन के कुछ नेताओं को शामिल किया जा सकता है। ऐसे में उन नेताओं के स्थान पर नए नेताओं को जगह दी जाएगी। बताया जा रहा है कि प्रदेश संगठन के करीब 23 नेताओं को निगम-मंडल में अध्यक्ष और सदस्य के पद पर नियुक्ति की जाएगी। निगम-मंडल की पहली सूची में संगठन के रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन, शैलेश नितिन त्रिवेदी, राजेंद्र तिवारी, किरणमयी नायक सहित अन्य नेताओं को स्थान मिला था। रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन और शैलेश नितिन त्रिवेदी को निगम के साथ उनके पद पर रखा जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और आला नेताओं ने सहमति दे दी है। लेकिन बाकी नेताओं के स्थान पर नई नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही चर्चा यह है कि दूसरी सूची में भी प्रदेश स्तर के नेताओं को शामिल किया जा सकता है। ऐसे में उन नेताओं के स्थान पर नई नियुक्ति करने के लिए मरकाम सूची लेकर गए हैं।

निगम-मंडल में क्षेत्रीय संतुलन का रखा जाएगा ध्यान: सूत्रों के मुताबिक जिन्हें निगम-मंडलों में जगह दी जानी है, उनके नाम लगभग तय हैं। इसमें आरपी सिंह, अजय साहू, रमेश वल्र्यानी, पंकज शर्मा, सुशील आनंद शुक्ला, शिव सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी का नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि बेवरेज कार्पोरेशन, आरडीए, श्रम विभाग के अधीन आयोग और निगम-मंडलों के अलावा युवा आयोग में नियुक्तियां होनी हैं। मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के समर्थकों को निगम-मंडलों में जगह दी जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। कुछ कार्यकर्ताओं को मरवाही की जीत का इनाम भी दिया जा सकता है।

छग की तर्ज पर यूपी में बूथ कमेटियां बनेंगी : उत्तरप्रदेश में दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अभी से तैयारी शुरू करने जा रही है। छत्तीसगढ़ में जिस पैटर्न को अपनाकर कांग्रेस ने चुनाव में एकतरफा जीत हासिल की, वही पैटर्न उत्तरप्रदेश में भी अपनाया जाएगा। वहां जल्द ही निचले स्तर तक कमेटियां गठित कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। दो दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और सीएम भूपेश बघेल के बीच 5 घंटे की लंबी चर्चा हुई थी। बघेल ने यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की रणनीति पर काम करने के सुझाव दिए। इस दौरान सीएम ने संगठन की मजबूती के लिए प्रदेश में अपनाए गए सभी चीजें साझा की। सीएम के सुझाव प्रियंका को काफी पसंद आए और उन्होंने बूथ कमेटी बनाकर पार्टी को निचले स्तर तक मजबूत करने की बात कही। जिस तरह विधानसभा चुनाव के पहले छत्तीसगढ़ में ट्रेनिंग देकर बूथ स्तर के माध्यम से निचले स्तर तक के कार्यकर्ताओं को चुनाव की तकनीक सिखाई गई वैसी ही तकनीक यूपी में देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण देने वाले नेताओं को चुनाव के पहले यूपी भेजा जा सकता है।

खेल प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी गठित: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के खेल प्रकोष्ठ ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी है। इसमें कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों को स्थान दिया गया है। दावा किया गया है कि 100 से अधिक सदस्यों वाली इस कार्यकारिणी में 90 फीसदी खिलाडिय़ों को स्थान दिया गया है जबकि 33 फीसदी महिलाओं को भी इसमें जगह दी गई है। खेल कांग्रेस के अध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि कार्यकारिणी में 36 जिले के जिलाध्यक्षों के साथ 100 प्रदेश पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इन सभी पदाधिकारियों को 6 दिसंबर को कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शपथ दिलाई जाएगी।

Next Story