छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान, एक दिन में 63,000 मीट्रिक टन से ज्यादा खरीदी; CM साय की किसान हितैषी पहल
Shubhra Nandy
25 Nov 2026 9:26 AM IST

x
360 नए केंद्रों में तेज खरीदी
रायपुर : छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने किसानों को उपज बेचने में सहूलियत देने के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए हैं। प्रदेश के 2,461 उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। 23 नवंबर तक राज्य में 70 हजार 979 किसानों से दो लाख 78 हजार 10 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। वहीं, ऑनलाइन टोकन प्रणाली के माध्यम से किसानों को पांच लाख से अधिक टोकन जारी किए गए हैं।
राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने के साथ डिजिटल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। किसानों को उपार्जन केंद्रों तक बार-बार जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने की तारीख निर्धारित कर रहे हैं और उसी के अनुरूप उपज को खरीदी केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी कर पा रहे हैं।
एक दिन में 63 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी
प्रदेश में धान खरीदी के आंकड़ों में तेजी देखने को मिल रही है। 23 नवंबर को एक ही दिन में 63 हजार 74 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। इस तरह खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 23 नवंबर तक कुल खरीदी का आंकड़ा दो लाख 78 हजार मीट्रिक टन से अधिक पहुंच गया है। प्रदेशभर में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। टोकन के आधार पर खरीदी होने से किसानों को अपनी उपज की तैयारी और परिवहन की व्यवस्था करने में आसानी हो रही है।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान विक्रय के लिए उपार्जन केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के अनुसार, धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
‘तुहर टोकन’ ऐप से घर बैठे तय हो रही धान बेचने की तारीख
धान खरीदी अभियान में ऑनलाइन टोकन प्रणाली किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। राज्य सरकार ने ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इस व्यवस्था के जरिए किसान धान बेचने की तारीख पहले से निर्धारित कर सकते हैं। इससे केवल टोकन प्राप्त करने के लिए खरीदी केंद्र तक आने-जाने में लगने वाले समय की बचत हो रही है। बिक्री का दिन पहले से तय होने के कारण किसान धान की बोरियां तैयार करने से लेकर वाहन और मजदूरों की व्यवस्था समय पर कर पा रहे हैं। निर्धारित तारीख पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल रही है। प्रदेश में अब तक पांच लाख से अधिक टोकन जारी किए जाना इस व्यवस्था के व्यापक उपयोग को दर्शाता है।
कटंगी कला के भीखम पटेल ने बेचा 44.80 क्विंटल धान
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम कटंगी कला निवासी किसान भीखम पटेल ने ऑनलाइन टोकन सुविधा का लाभ उठाते हुए 44 क्विंटल 80 किलोग्राम धान का विक्रय किया। चमरा राम पटेल के पुत्र भीखम पटेल ने बताया कि उन्हें पहले ही जानकारी मिल गई थी कि उनकी उपज किस तारीख को खरीदी जाएगी। इसके आधार पर उन्होंने धान की बोरियां तैयार कीं और उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने के लिए परिवहन का इंतजाम किया। निर्धारित तारीख पर केंद्र पहुंचने के बाद उनकी उपज की खरीदी पूरी हो गई। पटेल ने बताया कि ऑनलाइन टोकन लेने से लेकर धान बेचने तक की प्रक्रिया में उन्हें सहूलियत मिली। उनके अनुसार, पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक उपज बेच पाने से समय और मेहनत दोनों की बचत हुई।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 72 केंद्रों पर खरीदी
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का संचालन किया जा रहा है। जिले के 72 उपार्जन केंद्रों पर किसानों से धान खरीदा जा रहा है। जिला प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया है। टोकन में निर्धारित तारीख के अनुसार किसानों की उपज की खरीदी की जा रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को अनावश्यक इंतजार से बचाना और उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का संचालन व्यवस्थित तरीके से करना है।
21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी आदान सहायता
कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता उपलब्ध कराने के राज्य सरकार के निर्णय का किसान भीखम पटेल ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि सभी किसानों की उत्पादन क्षमता और बिक्री के लिए उपलब्ध धान की मात्रा एक समान नहीं होती। कई छोटे किसान परिवारों के पास प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बिक्री के लिए उपलब्ध रहता है। ऐसे किसानों के लिए पूरी आदान सहायता का प्रावधान महत्वपूर्ण है। भीखम पटेल ने ऑनलाइन टोकन प्रणाली, उपार्जन केंद्रों की सुविधाओं और कृषक उन्नति योजना के इस प्रावधान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदेश में धान खरीदी अभियान के तहत नए उपार्जन केंद्रों और डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से किसानों के लिए उपज विक्रय की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे खरीदी सत्र के दौरान किसानों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
Next Story





