छत्तीसगढ़

पुलिस बल और परिजनों के लिए मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन, 1257 लोगों ने उठाया लाभ

Shantanu Roy
14 Jun 2025 10:20 PM IST
पुलिस बल और परिजनों के लिए मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन, 1257 लोगों ने उठाया लाभ
x
छग
Durg. दुर्ग। पुलिस विभाग की सतत सेवा में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन शुक्रवार, 14 जून 2025 को अग्रसेन भवन, सेक्टर-6 भिलाई में किया गया। इस भव्य शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम (भापुसे) के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कैम्प का संचालन प्रातः 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया गया, जिसमें जिला पुलिस बल, सशस्त्र बल, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजनों के लिए समग्र स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को समय-समय पर चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना रहा।
शिविर का उद्घाटन 90 वर्षीय सेवानिवृत्त उप निरीक्षक राम श्रृंगार उपाध्याय द्वारा प्रथम ओपीडी पंजीयन से हुआ। श्री उपाध्याय जुलाई 1955 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और वर्ष 1993 में निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए। शिविर में भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के 30 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें मेडिसिन, छाती एवं श्वास रोग, त्वचा, हृदय, हड्डी, शिशु, स्त्री, दंत, नेत्र, नाक-कान-गला, मूत्र, पेट, न्यूरो, कैंसर एवं सर्जरी सहित विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ शामिल रहे। विशेष रूप से डॉक्टर सुधीर गांगेय, डॉ. ए.पी. सावंत, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. रिधि अरोरा, डॉ. शुलभ चंद्राकर जैसे अनुभवी चिकित्सकों ने शिविर में अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में कुल 1257 पुलिसकर्मी, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच का लाभ उठाया। इसमें से 599 ने नेत्र परीक्षण कराया और 300 लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। साथ ही निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं। सुविधा शिविर के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड 63, आधार कार्ड 60, राशन कार्ड 10, लर्निंग लाइसेंस 91, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट 117 का अपडेशन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग (भापुसे) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भापुसे) ने भी स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और उपस्थित पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन
डीजीपी
सर की परिकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए किया गया है ताकि पुलिसकर्मियों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कार्यक्रम के मंच संचालन का दायित्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने निभाया। अंत में पुलिस परिवार की ओर से सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। यह कैम्प आईएमए, स्पर्श मल्टी स्पेशालिटी हॉस्पिटल, लाइफ केयर रिसर्च सेंटर, रूंगटा डेंटल कॉलेज एवं महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गनाइजेशन के विशेष सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Next Story