छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल सूरजपुर में 18 जून को विशाल निशुल्क कैंसर जांच शिविर

Shantanu Roy
17 Jun 2026 10:37 PM IST
जिला अस्पताल सूरजपुर में 18 जून को विशाल निशुल्क कैंसर जांच शिविर
x
छग
Surajpur. सूरजपुर। जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सौजन्य से आगामी 18 जून 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 1ः00 बजे तक जिला अस्पताल, सूरजपुर में विशाल निशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के कैंसर विशेषज्ञ (रेडिएशन ऑन्कोलॉजी) डॉ. सौरव पॉल द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर का उद्देश्य कैंसर रोग की समय रहते पहचान कर नागरिकों को उचित उपचार की दिशा प्रदान करना है। चिकित्सकों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में वजन का लगातार कम होना, स्तन में गांठ बनना अथवा आकार में परिवर्तन, हड्डी में दर्द, पेशाब में खून आना, शरीर में खून की कमी, अथवा मुंह में छाले एवं गांठ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वे इस शिविर में पहुँचकर अनिवार्य रूप से अपनी जांच कराएँ। ऐसे लक्षण कैंसर के प्रारंभिक संकेत हो सकते हैं, जिनकी समय पर पहचान होने से उपचार सरल और प्रभावी हो जाता है।
शिविर में आने वाले मरीजों के लिए ईएसआईसी एवं आयुष्मान योजना के अंतर्गत कैंसर का कैशलेस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आयोजकों ने बताया कि जांच कराने आने वाले मरीज अपनी पुरानी रिपोर्ट साथ अवश्य लेकर आएँ, ताकि चिकित्सकों को उचित परामर्श एवं उपचार निर्धारण में सुविधा हो। अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु इच्छुक नागरिक दूरभाष क्रमांक 7777879370 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस निशुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
Next Story