छत्तीसगढ़

रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 को लेकर संगठनों की बैठक

Shantanu Roy
19 Aug 2026 9:39 PM IST
रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 को लेकर संगठनों की बैठक
x
छग
Raipur. रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित और नागरिक केंद्रित बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित किए जा रहे रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात समस्याओं के शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म समाधान के लिए सुझाव मांगे गए।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर एवं द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र (IEI) के सहयोग से ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल लाइन स्थित सभागार में शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक और परिवहन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की रूपरेखा, उद्देश्य, सहभागिता प्रक्रिया और प्रमुख विषयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शहर की यातायात समस्याओं के लिए तकनीकी और व्यावहारिक समाधान तैयार करना है।
पुलिस कमिश्नर ने विशेषज्ञों से मांगे सुझाव
पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने बैठक में उपस्थित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से ट्रैफिक हैकाथॉन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “Our City | Our Roads | Our Ideas” की भावना के साथ शहर की यातायात समस्याओं को समझते हुए बेहतर समाधान सामने लाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ व्यापारिक संगठनों, सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लोगों, उद्योगों, विशेषज्ञों और आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर समस्याओं को देखने वाले लोगों के सुझाव यातायात सुधार के लिए प्रभावी और उपयोगी साबित हो सकते हैं।
बैठक में सामने आए कई जमीनी मुद्दे
बैठक के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने अनुभवों के आधार पर शहर की यातायात समस्याओं को सामने रखा। बाजार क्षेत्रों में बढ़ता यातायात दबाव, पार्किंग की समस्या, मालवाहक वाहनों की आवाजाही, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठनों के प्रतिनिधियों ने ट्रैफिक हैकाथॉन के माध्यम से सुझाव देने की पहल की सराहना की और कहा कि इससे शहर की वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने में मदद मिलेगी।
ट्रैफिक हैकाथॉन के छह प्रमुख विषय
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में प्रतिभागियों को रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र की यातायात समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके प्रमुख विषय हैं—
यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
पार्किंग प्रबंधन
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण
सार्वजनिक परिवहन एवं मोबिलिटी
स्मार्ट ट्रैफिक, तकनीक एवं डेटा आधारित यातायात प्रबंधन
नवाचार आधारित अन्य यातायात समाधान
सभी के लिए खुला है ट्रैफिक हैकाथॉन
रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में विद्यार्थी, सिविल इंजीनियर, अर्बन प्लानर, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ और आम नागरिक भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी अपनी रुचि और विशेषज्ञता के अनुसार एक या एक से अधिक विषयों में अपने समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं। हैकाथॉन के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 17 अगस्त 2026 से हो चुकी है। पंजीयन और फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 17 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं फाइनल प्रेजेंटेशन 27 सितंबर 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर परवानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश देवांगन, सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष हरम भगतानी, क्रेडाई अध्यक्ष मृणाल गोलछा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। रायपुर ट्रैफिक कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में भाग लेकर अपने सुझाव दें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, स्मार्ट और बेहतर बनाया जा सके।
Next Story