छत्तीसगढ़
राज्योत्सव 2026 और सारंग एयर शो के लिए मीडिया पास जारी होंगे
Shantanu Roy
30 Oct 2026 8:15 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नवा रायपुर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव समारोह और भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के रोमांचक एयर शो की मीडिया कवरेज के लिए जनसंपर्क विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने सभी मीडिया संस्थानों से अपने संवाददाताओं, फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों का विवरण निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इसके आधार पर मीडिया प्रतिनिधियों को एयर शो के कवरेज पास और राज्योत्सव के आमंत्रण कार्ड प्रदान किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाणिज्य एवं व्यापार परिसर, जिसे राज्योत्सव मेला ग्राउंड के नाम से भी जाना जाता है, में किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम द्वारा एयरोबेटिक एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा।
इस आयोजन के कवरेज के लिए मीडिया संस्थानों को अपने प्रतिनिधियों की जानकारी संस्थान के अधिकृत लेटरहेड पर उपलब्ध करानी होगी। इसमें संबंधित संवाददाता, फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर का नाम, पदनाम तथा मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।
जनसंपर्क विभाग ने स्पष्ट किया है कि मीडिया संस्थानों को यह विवरण 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को दोपहर 2 बजे तक जिला जनसंपर्क कार्यालय में जमा कराना होगा। निर्धारित समयसीमा के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने से कवरेज पास और आमंत्रण कार्ड वितरण की प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से पूरी की जा सकेगी।
मीडिया संस्थानों को संबंधित दस्तावेज जिला जनसंपर्क कार्यालय, संवाद भवन, प्रथम तल, महिला थाने के पास, रायपुर में जमा कराने होंगे। विभाग द्वारा प्राप्त विवरण के आधार पर संबंधित मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आवश्यक पास और आमंत्रण कार्ड की व्यवस्था की जाएगी।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर होने वाला सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो विशेष आकर्षण रहेगा। भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने सटीक समन्वय और रोमांचक हवाई करतबों के लिए प्रसिद्ध है। टीम के हेलीकॉप्टर आसमान में विभिन्न फॉर्मेशन और एयरोबेटिक प्रदर्शन के माध्यम से वायुसेना के पायलटों के उड़ान कौशल का परिचय देते हैं।
कार्यक्रम से जुड़े वायुसेना अधिकारियों में एयर कमोडोर एनके बाला वरिष्ठ वायुसेना प्रतिनिधि के रूप में शामिल हैं। ग्रुप कैप्टन अभिजीत सारंग टीम के कमांडिंग ऑफिसर एवं टीम लीडर हैं। इसके अलावा विंग कमांडर वीर, स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह और स्क्वाड्रन लीडर अजीत डिस्प्ले पायलट के रूप में टीम से जुड़े हैं।
Next Story





