छत्तीसगढ़

सफाई व्यवस्था पर महापौर मीनल चौबे का सख्त रुख, रामकी कंपनी को फटकार

Shubhra Nandy
27 Oct 2026 6:51 AM IST
सफाई व्यवस्था पर महापौर मीनल चौबे का सख्त रुख, रामकी कंपनी को फटकार
x
भुगतान रोकने के निर्देश
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने सख्त रुख अपनाया है। शहर में जगह-जगह लगे कूड़े-कचरे के ढेर और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की लचर व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि 'काम नहीं तो भुगतान नहीं' की नीति के तहत सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली कंपनी के खिलाफ अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाया जाए और शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले राजधानी पूरी तरह साफ-सुथरी नजर आनी चाहिए और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रामकी कंपनी को महापौर की दो टूक चेतावनी
समीक्षा बैठक के दौरान महापौर मीनल चौबे ने रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों से सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रायपुर शहर में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करना कंपनी की जिम्मेदारी है। यदि कंपनी अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन नहीं करती है, तो नगर निगम अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करेगा। महापौर ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर कूड़े-कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। इसका प्रमुख कारण घर-घर से नियमित और प्रभावी तरीके से कचरा संग्रहण नहीं होना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों की पहचान कर तत्काल सफाई करवाई जाए।
बिलों के सत्यापन के बाद ही मिलेगा पैसा
महापौर मीनल चौबे ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि रामकी कंपनी को सफाई कार्य का भुगतान बिना भौतिक सत्यापन के नहीं किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पहले सफाई कार्य का मौके पर निरीक्षण किया जाए और वास्तविक कार्य की स्थिति की जांच की जाए। इसके बाद ही नियमानुसार कंपनी के देयकों के भुगतान पर विचार किया जाए। महापौर ने चेतावनी दी कि बिना कार्य के किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं होना चाहिए। यदि इस संबंध में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
शहर में कचरे के ढेर तत्काल हटाने के निर्देश
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में जहां-जहां कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए हैं, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए। सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का कार्य प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी करने और सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली से पहले चकाचक चाहिए राजधानी
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि दीपावली स्वच्छता और उत्साह का पर्व है। ऐसे में राजधानी रायपुर की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के किसी भी क्षेत्र में कचरे के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए। नियमित कचरा संग्रहण के साथ सफाई कार्यों की निगरानी की जाए, ताकि नागरिकों को गंदगी से परेशानी न हो। महापौर ने दोहराया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मौजूद रहे निगम अधिकारी और कंपनी प्रतिनिधि
महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, स्वच्छ भारत मिशन के कार्यपालन अभियंता योगेश कुमार कडु, उपअभियंता कृष्णा राठी सहित रामकी कंपनी के एरिया मैनेजर श्रीकांत, गंगा और भास्कर उपस्थित रहे। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। महापौर की चेतावनी के बाद अब नगर निगम के सफाई अमले और रामकी कंपनी पर जिम्मेदारियों को प्रभावी तरीके से पूरा करने का दबाव बढ़ गया है। आने वाले दिनों में सफाई व्यवस्था में कितना सुधार होता है, यह निगम की निगरानी और जमीनी कार्यों से स्पष्ट होगा।
Next Story