छत्तीसगढ़

खदान में डकैती का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Shantanu Roy
3 Oct 2026 12:35 AM IST
खदान में डकैती का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
x
छग
Korba. कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की घुड़देवा खदान 3/4 में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ खदान और ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट के 40 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला 14 सितंबर 2026 का है। सई मोहल्ला बांकी कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय अरविंद कुमार कुर्मी ने बांकीमोंगरा थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच 10 से 15 लोग खदान की बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर घुस गए थे। इनमें से तीन से चार आरोपी हथियार लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि खदान परिसर में घुसने के बाद आरोपियों ने वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने सुरक्षा घर और इन्फालाइन खदान मुहाड़ा में प्रवेश किया और वहां लगी चालू लाइन से करीब 30 से 40 मीटर कॉपर केबल काट लिया।
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए कॉपर केबल की कीमत करीब 50 से 55 हजार रुपए थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए पहले ही तीन बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मामले में शामिल सात नाबालिग आरोपियों को पकड़कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। इसके बाद पुलिस अन्य आरोपियों और वारदात के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को जानकारी मिली कि पूरी वारदात के पीछे धरम सिंह राजपूत की प्रमुख भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। संभावित ठिकानों पर नजर रखने के साथ आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने घेराबंदी कर धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धरम सिंह राजपूत पिता मंगल सिंह राजपूत, उम्र 40 वर्ष, पंखाधफा सूरकछार का रहने वाला है। आरोपी के पास से केबल काटने में इस्तेमाल किया गया हथियार और घटना में उपयोग किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस का कहना है कि धरम सिंह के खिलाफ पहले से 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें खदान क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में चोरी, लूट और डकैती से जुड़े मामले शामिल हैं। घुड़देवा खदान में हुई डकैती के मामले में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
Next Story