छत्तीसगढ़
साई राइस मिल में लगी भीषण आग, लाखों का धान और बारदाना राख
Shantanu Roy
24 May 2026 9:23 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को एक राइस मिल में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। यह घटना कुरुद-भोथली रोड स्थित साईं राइस मिल में हुई, जहां आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बताया जा रहा है कि बिजली तार से निकली चिंगारी ने बारदाना शेड को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते धान के कट्टों तथा प्लास्टिक बोरियों तक पहुंच गई। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था।
घटना के समय मिल में मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की वजह से मिल में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय स्तर पर दमकल वाहन उपलब्ध नहीं हो सका। बताया गया कि कुरुद की फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण तत्काल राहत कार्य में परेशानी आई। इसके बाद धमतरी से दमकल वाहन बुलाया गया। धमतरी से पहुंचे फायरमैन अरुण यादव, भरत ठाकुर और चालक जीतेश साहू ने मिल कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राइस मिल संचालक विनय अग्रवाल ने बताया कि आगजनी की घटना में भारी नुकसान हुआ है।
शेड में रखे एक लाख से अधिक धान के कट्टे, हजारों प्लास्टिक बोरियां और अन्य पैकेजिंग सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आगजनी से करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। आग लगने के बाद मिल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पहुंच गए थे। इस घटना ने नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुरुद की फायर ब्रिगेड सही स्थिति में होती तो आग पर और जल्दी काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम होता। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tagsधमतरीसाईं राइस मिलआगजनीशॉर्ट सर्किटधान के कट्टे जलेबारदाना शेडफायर ब्रिगेडकुरुद-भोथली रोड25 लाख नुकसानछत्तीसगढ़ न्यूजदमकल टीमराइस मिल आगDhamtariSai Rice Millarsonshort circuitpaddy sacks burntgunny bag shedfire brigadeKurud-Bhothali Road25 lakh lossChhattisgarh newsfire brigade teamrice mill fire
Next Story





