छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व में उमड़ा जनसैलाब

Shantanu Roy
30 July 2026 11:13 PM IST
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व में उमड़ा जनसैलाब
x
छग
Bijapur. बीजापुर। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में वन्यजीव एवं बाघ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इंद्रावती टाइगर रिजर्व एवं नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। देश के चौथे सबसे बड़े टाइगर रिजर्व में पहली बार इस स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ बाघ संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘रन फॉर इंद्रावती‘ मैराथन रही, जिसमें 5 एवं 10 किलोमीटर की दो श्रेणियों में लगभग 150 धावकों ने हिस्सा लिया। बीजापुर के साथ दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बस्तर सहित अन्य जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने मूसलाधार बारिश के बावजूद पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ पूरी कर बाघ एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। बारिश भी प्रतिभागियों के जज्बे को डिगा नहीं सकी और पूरे आयोजन के दौरान प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बना।
मैराथन के मुख्य अतिथि कलेक्टर विश्वदीप ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाघों और वनों का संरक्षण केवल शासन का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पेंटिंग, कविता एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिले के 9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बाघ संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण विषयों पर उत्कृष्ट चित्र, पेंटिंग, कविताएं एवं प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील और जागरूक है।
प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा रहीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के संस्कार विकसित करना भविष्य के सुरक्षित प्राकृतिक परिवेश की मजबूत नींव है। उन्होंने इंद्रावती टाइगर रिजर्व एवं नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की इस अभिनव पहल को जनभागीदारी आधारित संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक संदीप बलगा, एसडीओ मनोज बघेल सहित
वन विभाग
के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष एम. सूरज, सिद्धांत जैन, भूपेन्द्र जगत, ऋषभ सी. एवं मनीषा श्यामचेतिम सहित संस्था के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। समापन समारोह में मैराथन एवं विभिन्न छात्र प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Next Story