छत्तीसगढ़

सटोरिए के संपर्क में कई पत्रकार, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

Nilmani Pal
12 Dec 2022 4:06 AM GMT
सटोरिए के संपर्क में कई पत्रकार, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
x

दुर्ग। महादेव सट्टा ऐप दुबई के मुख्य सरगना से सीधे संबंध रखने वाले बड़े पैनलिस्ट नसीम को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नागपुर में 3 पैनल चला रहा था। नसीम के पकड़े जाने के बाद नागपुर भिलाई दुर्ग पुलिस के पहुंचने के पूर्व तीनों ही पैनल को ऑपरेट करने वाले ऑपरेटर भी अपना बोरिया बिस्तर बांध कर फरार हो गए हैं। पुलिस को नसीम के मोबाइल फोन पर कई ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है जिसमें उसके द्वारा बेचे गए पैनल को खरीदने वाले एवं उसके संपर्क में रहने वाले कई पत्रकारों के नाम भी पुलिस को मिले हैंं।

आज महादेव ऐप सट्टा के अवैध कारोबार में लंबे समय से संलिप्त नसीम को गिरफ्तार किया गया है। नसीम भिलाई में 18 नंबर रोड कैंप का रहने है। नसीम के पास से 10 से अधिक बैंक खाते भी जब्त किए गए हैं। उससे पूछताछ जारी है उसके बाद बड़े खुलासे पुलिस के द्वारा किए जाएंगे जिसके लिए कल प्रेस कॉन्फ्रेंस भी ली जाएगी।विगत दिनों सेक्टर वन में पकड़े गए आरोपियों के द्वारा भी नसीम का नाम लिया गया था। पुलिस को पहले से ही नसीम के ऊपर संदेशा था। इसके पूर्व कोहका एवं जगदलपुर में पकड़े गए आरोपियों के द्वारा भी नसीम का नाम लिया गया था। नसीम का दुबई के महादेव सट्टा एप के मुख्य सरगना से सीधा संबंध है और इसी कारण उसके द्वारा क्षेत्र में पिछले 6 माह में 10 से पैनल को बेचा है। जिन लोगों को नसीम के द्वारा पैनल बेचे गए थे। दोनों ही पक्षों के मध्य फोन पर हुए लेन-देन को नसीम के द्वारा रिकॉर्ड किया गया है। यह रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ लगी है जिससे बड़े खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि नसीम से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उसके द्वारा 10 से अधिक पैनल अन्य अवैध कारोबारियों को बेचे गए हैं। नसीम का महादेव ऐप के मुख्य सरगना से सीधे संबंध होने के कारण वह कम दर पर 4 से 5 लाख रुपए में भी पैनल बेच दिया करता था। एक प्रकार से नसीम के साथ कई लोगों के एजेंट की तरह कार्य कर रहा था। उसके द्वारा 10 से अधिक पैनल अन्य अवैध कारोबारियों को बेचे गए हैं। जिसके कारण उन्हें भी लाखों रुपए का लाभ हो रहा था। डॉक्टर पल्लव ने बताया कि नसीम से 10 बैंक खातों को जब्त किया गया है जिसमें से एक कारपोरेट खाता है। इस कारपोरेट खाते से करोड़ों रुपए के लेनदेन होने का खुलासा हुआ है। जिन लोगों से लेन-देन किया है उनकी भी जानकारी पुलिस के द्वारा जुटाई जा रही है ताकि यदि इस धंधे मे वे भी शामिल हैं तो उन्हें भी पकड़ा जा सके। सट्टा कारोबारी नसीम के पास मिले ऑडियो रिकॉर्डिंग में कई पत्रकारों के नाम का भी खुलासा हुआ है, जो नसीम से सीधे संबंध रखते थे।

Next Story