छत्तीसगढ़

गिरफ्तार सट्टेबाजों से मिले कई अहम सुराग, इन आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही

Nilmani Pal
25 April 2022 5:16 AM GMT
गिरफ्तार सट्टेबाजों से मिले कई अहम सुराग, इन आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही
x
छग

दुर्ग। महादेव आईडी से जुड़ा सबसे चर्चित नाम सौरभ चंद्राकर सहित 6 लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। मोहन नगर और जामुल पुलिस ने इनके खिलाफ सट्टा सहित अन्य धाराओं का मामला दर्ज किया है। एएसपी सिटी संजय ध्रुव का कहना है कि जल्द ही पुलिस इन आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। इन लोगों से पूछताछ के बाद इस मामले से पर्दा उठना तय बताया जा रहा है। पुलिस को इनके खिलाफ यहां तक सबूत मिले हैं कि यह लोग सट्टे का पैसा हवाला के रास्ते इधर से उधर भेजते थे। इस काम में रायपुर और भिलाई के कई बड़े उद्योगपति और सराफा कारोबारियों के नाम सामने आ रहे हैं।

पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले महादेव बुक और अन्य आईडी से ऑनलाइन सट्टा खिलवाते कुछ लोग गिरफ्तार किए गए थे। इनसे पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने ब्लॉक-ए मकान नंबर-3 वनांचल सिटी आम्रपाली जामुल निवासी चेतन जोशी और पुष्पक नगर आलोक सिंह राजपुत को गिरफ्तार कर पूछताछ किया था।

इसमें उन्होंने बताया कि महादेव आईडी के कर्ताधर्ता सौरभ, रवि उपल, राज गुप्ता, रुपेश जोशी, भूपेश जोशी और खुर्सीपार के पिंटू सोनी हैं। उन्होंने बताया कि महादेव व उसकी अन्य सहायक आईडी से ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले मास्टरमाइंड भिलाई और दुर्ग के हैं। पुलिस को यहां तक जानकारी लगी इन लोगों के साथ रायपुर और भिलाई के करीब 5 सराफा कारोबारी भी जुड़े हुए हैं। यहां तक बताया जा रहा है कि आकाशगंगा का एक सराफा कारोबारी है। उसके द्वारा सट्टे की रकम को हवाला के जरिए हेरफेर कर आकाओं तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ये सराफा व्यापारी पहले सट्‌टे के पैसों को गोल्ड में तब्दील करते हैं। इसके बाद कोलकाता के रास्ते इंडिया तक पहुंचाया जा रहा है।


Next Story