छत्तीसगढ़

पत्नी से अफेयर के शक में युवक की हत्या, शव सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंका

jantaserishta.com
17 Nov 2026 9:34 AM IST
पत्नी से अफेयर के शक में युवक की हत्या, शव सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंका
x
छत्तीसगढ़.
तिल्दा-नेवरा: छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा इलाके में एक युवक की गुमशुदगी का मामला सनसनीखेज हत्या में बदल गया। पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधा और तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला ग्राम बेमता का है। यहां रहने वाले धनेश पाल ने 14 नवंबर को थाना तिल्दा-नेवरा में अपने बेटे पुरुषोत्तम पाल (22) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बेटा दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव का ही शंकर पाल अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन शंकर पाल और उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव भी पुरुषोत्तम के साथ देखे गए थे। मृतक के दो दोस्तों ने भी इस बात की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस का शक दोनों पर गहराया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की। आरोपियों ने पुरुषोत्तम को निशाना बनाकर उस पर टंगिया से सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने की कोशिश की। उन्होंने शव को सीमेंट के पोल से बांधा और ग्राम बेमता के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया। शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले। घटनास्थल पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने जांच कर जरूरी साक्ष्य भी जुटाए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टंगिया, मृतक का डंडा और मृतक सहित दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में शंकर पाल उर्फ राजू (38) और किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (20) को बीएनएस की धारा 140(3), 103(1), 238(क), 61(2)(क) और 3(5) के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
किशन यादव उर्फ पिंटू यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम भीपुटपुटा, जिला कबीरधाम, वर्तमान निवासी ग्राम बेमता।
शंकर पाल उर्फ राजू, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम दशरंगपुर, जिला कबीरधाम, वर्तमान निवासी ग्राम बेमता।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story