छत्तीसगढ़
ऑटो का किराया देने निकले युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत
Shantanu Roy
7 Nov 2026 5:26 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल 43 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भिखारीमाल की है, जहां 25 अक्टूबर की रात विवाद के दौरान कन्हैया महार के सिर पर बांस के डंडे से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल कन्हैया को पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत होने के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज मारपीट के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) जोड़ते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिखारीमाल निवासी 70 वर्षीय त्रिलोचन महार ने 30 अक्टूबर को चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका 43 वर्षीय पुत्र कन्हैया महार 25 अक्टूबर की रात अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ओडिशा के संबलपुर स्थित ससुराल से ट्रेन के जरिए घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह बाहर खड़े ऑटो चालक को किराया देने के लिए निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया।
रात डेढ़ बजे अचेत अवस्था में घर पहुंचाया
परिजनों के अनुसार, कन्हैया के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उन्हें लगा कि वह गांव की बस्ती की ओर घूमने गया होगा। इसी बीच रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर गांव के तीन युवक कन्हैया को अचेत अवस्था में उसके घर लेकर पहुंचे। उसकी हालत देखकर परिजन परेशान हो गए। अगली सुबह परिवार के सदस्य कन्हैया को उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। परिजनों ने घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।
विवाद के दौरान सिर पर मारा था बांस का डंडा
पुलिस के मुताबिक, अगले दिन कन्हैया को घर छोड़ने आए युवकों से पूछताछ करने पर घटना की जानकारी सामने आई। युवकों ने बताया कि देर रात कन्हैया का गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बालक ने बांस के डंडे से कन्हैया के सिर पर वार कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों के साथ भी मारपीट की गई थी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कन्हैया अचेत हो गया था। पिता त्रिलोचन महार की शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की थी।
डीकेएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल कन्हैया महार को जिला अस्पताल रायगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। कन्हैया की मौत के बाद रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में मर्ग कायम किया गया। मर्ग डायरी चक्रधरनगर थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता जोड़ दी।
नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर डंडा किया जब्त
हत्या की धारा जोड़े जाने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित विधि से संघर्षरत बालक की तलाश की और उसे अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार, उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी जब्त किया गया है। इसके बाद बालक को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बोर्ड के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
चक्रधरनगर पुलिस कर रही मामले की विवेचना
इस प्रकरण की जांच और कार्रवाई में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा तथा प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद घायल व्यक्ति की मौत होने पर मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई है। घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
Next Story





