छत्तीसगढ़

युवती की निजी तस्वीरें-वीडियो वायरल करने का आरोप, दिल्ली से युवक गिरफ्तार

Shantanu Roy
3 Oct 2026 7:49 PM IST
युवती की निजी तस्वीरें-वीडियो वायरल करने का आरोप, दिल्ली से युवक गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। सोशल मीडिया पर पहचान के बाद एक युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने तथा बातचीत बंद करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली से हिरासत में लेकर जशपुर लाने के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता की अप्रैल 2024 में उत्तर प्रदेश निवासी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा (24) से 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से पहचान हुई थी। शुरुआती बातचीत के बाद दोनों व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क में रहने लगे। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने पीड़िता पर दबाव बनाया और वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर निजी सामग्री अपने पास सुरक्षित कर ली। इसके बाद कथित रूप से उन्हीं तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल युवती पर बातचीत जारी रखने के लिए दबाव बनाने में किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीरें और वीडियो व्हाट्सऐप ग्रुप में भी प्रसारित कर दिए। आरोप है कि पीड़िता ने जब बातचीत करने से इनकार किया तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार परेशान होने के बाद पीड़िता ने पुलिस की मदद लेने का फैसला किया। 21 जनवरी 2026 को पीड़िता ने जशपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 351 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 एवं 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में उसके उत्तर प्रदेश स्थित गृह ग्राम भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। इसके बाद उसकी तलाश के लिए मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी टीम को सक्रिय किया गया और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जाने लगी। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के दिल्ली में मौजूद होने का सुराग मिला। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली की विशेष टीम दिल्ली रवाना की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे दिल्ली से हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए जशपुर लेकर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इसमें दो सिम कार्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार गवाहों की मौजूदगी में मोबाइल फोन की गैलरी और व्हाट्सऐप की जांच की गई। जांच के दौरान आवश्यक डिजिटल सामग्री के स्क्रीनशॉट सुरक्षित करते हुए पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली जशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता और आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story