
x
छग
बिलासपुर। युवकों को चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के खिलाफ मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लूट के मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार ध्रुव पिता संतोष ध्रुव उम्र 27 वर्ष निवासी बुटापारा थाना तोरवा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 2 सितंबर 2026 की है। प्रार्थी राजीव कौशिक ने थाना मस्तूरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहा था। शाम करीब 5:40 बजे जब वे करो रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी फरहदा की ओर से स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकालकर डराना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए राज केंवट के पास मौजूद आईफोन मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट को चोटें आई थीं। लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल करीब 40 हजार रुपये कीमत का बताया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी राजकुमार ध्रुव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी शिवम निवासी देवरीडीह थाना तोरवा के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लूटा गया आईफोन मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार ध्रुव को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में फरार आरोपी शिवम की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





