छत्तीसगढ़
धान के कटोरे में मखाने की चमक! 133.862 हेक्टेयर में खेती; 4 राज्यों के किसानों ने किया आर्थिक संभावनाओं पर मंथन
Shubhra Nandy
27 Nov 2026 7:39 AM IST

x
तालाबों से तरक्की की नई राह
रायपुर : कभी व्रत और त्योहारों तक सीमित रहने वाला मखाना आज लोगों की रोजमर्रा की डाइट का हिस्सा बनता जा रहा है। सामान्य स्नैक्स की तुलना में थोड़ा महंगा बिकने वाला मखाना आज अपने विशिष्ट पौष्टिक गुणों और बढ़ती बाजार मांग के कारण दुनिया भर में ‘सुपरफूड’ के रूप में पहचान बना रहा है। उपभोक्ताओं के लिए सेहत का बेहतर विकल्प माना जाने वाला यह खाद्य पदार्थ अब छत्तीसगढ़ के किसानों की आर्थिक समृद्धि का नया माध्यम भी बन सकता है।
मखाने की खेती से आमदनी के नए अवसरों की तलाश
धान के कटोरे के रूप में विख्यात छत्तीसगढ़ के तालाबों और जलयुक्त खेतों में मखाने की खेती से आमदनी के नए अवसर तलाशे जा रहे हैं। प्रदेश में वर्तमान में 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाने की खेती हो रही है, वहीं राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में छत्तीसगढ़ को शामिल किए जाने के बाद इसके उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और निर्यात की संभावनाओं को नई गति मिली है। इसी दिशा में राजधानी रायपुर में शुरू हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, महिला स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों के लिए संभावनाओं का नया मंच बनकर सामने आई है। यदि वैज्ञानिक खेती, आधुनिक प्रसंस्करण और बेहतर बाजार व्यवस्था का समुचित लाभ किसानों तक पहुंचता है, तो बाजार में अपेक्षाकृत ऊंची कीमत पर बिकने वाला मखाना छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं की आर्थिक खुशहाली और ग्रामीण उद्यमिता की नई इबारत लिख सकता है।
परंपरागत खेती से आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ अब ऐसी फसलों की ओर कदम बढ़ा रहा है, जिनमें किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की संभावनाएं हैं। दुनिया भर में सुपरफूड के रूप में लोकप्रिय हो रहा मखाना प्रदेश के किसानों के लिए कृषि विविधीकरण और उद्यमिता का नया विकल्प बन सकता है। जल संसाधनों के बेहतर उपयोग, आधुनिक कृषि तकनीकों और प्रसंस्करण के माध्यम से छत्तीसगढ़ को मखाना उत्पादन के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाने की कवायद तेज हो गई है। इसी उद्देश्य से राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला का शुभारंभ हुआ, जहां कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, किसानों और उद्यमियों ने मखाना उत्पादन से लेकर विपणन तक की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा छत्तीसगढ़ शासन के संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय रायपुर के स्वामी विवेकानंद सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने समारोह की अध्यक्षता की। छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी और जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मखाना उत्पादन में नई पहचान बनाने की ओर छत्तीसगढ़
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि पोषण संबंधी विशेषताओं के चलते मखाने की लोकप्रियता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के बीच इसकी पहचान एक पौष्टिक खाद्य उत्पाद के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय अपने कृषि विज्ञान केंद्रों के जरिए किसानों को मखाना उत्पादन की तकनीकों से परिचित कराने के साथ आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में छत्तीसगढ़ को स्थान मिलने के बाद प्रदेश में इस फसल के विस्तार को गति मिली है। डॉ. चंदेल ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ मखाना उत्पादन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। चंद्रहास चंद्राकर और सुरेश चंद्रवंशी ने भी किसानों को मखाने की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
चार राज्यों के किसानों ने साझा किए अनुभव
राष्ट्रीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से लगभग 250 से 300 किसान और महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य शामिल हुए। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और ओडिशा से आए किसानों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मखाना उत्पादन की वर्तमान स्थिति, तकनीकी चुनौतियों और व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा हुई। कार्यशाला ने किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने तथा अन्य राज्यों के कृषि अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान किया।
बीज से तैयार उत्पाद तक की तकनीक से रूबरू हुए किसान
कार्यशाला परिसर में मखाना आधारित उत्पादों और आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें मखाने के बीजों की पॉपिंग कर खाने योग्य मखाना पॉप्स तैयार करने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन किसानों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विशेषज्ञों ने किसानों को समझाया कि उत्पादन के साथ प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर ध्यान देकर मखाना आधारित उद्यमों की संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को मखाना उत्पादन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं और तैयार उत्पादों के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।
वैज्ञानिकों ने बताया मखाने की खेती से उद्यमिता तक का रास्ता
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में देश के विभिन्न कृषि संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने मखाने की वैज्ञानिक खेती, आधुनिक उपकरणों के उपयोग, प्रसंस्करण, उत्पादों के मूल्य संवर्धन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा बाजार से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। बिहार के दरभंगा से आए मखाना विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. विद्यानाथ झा ने इस फसल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक उपयोगिता और पोषण संबंधी विशेषताओं पर प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, अमीनो एसिड, विटामिन, खनिज तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट की उपलब्धता तथा कम वसा के कारण मखाने को सुपरफूड के रूप में पहचान मिली है। राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार ने वैज्ञानिक पद्धति से मखाना उत्पादन की जानकारी दी। वैज्ञानिक डॉ. राहुल कुमार राउत ने प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की तकनीकों के बारे में बताया। मखाना अनुसंधान परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. अनिल कुमार ने मखाना आधारित उद्यम स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार रखे।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के फल विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम दास साहू और कीट विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. गजेंद्र चंद्राकर ने प्रदेश में मखाना उत्पादन के विस्तार, खेती में आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान से संबंधित जानकारी साझा की। वैज्ञानिक परिचर्चा के दौरान मखाना उत्पादक किसानों ने अपनी समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखीं और उनके समाधान से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया।
छत्तीसगढ़ में 133 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो रही मखाने की खेती
राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में छत्तीसगढ़ को शामिल किए जाने के बाद प्रदेश में इस फसल के विस्तार की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के सहयोग से वर्तमान में प्रदेश के 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाने का उत्पादन किया जा रहा है। इसमें तालाबों के साथ कम गहराई वाले जलयुक्त खेतों का भी उपयोग किया जा रहा है। प्रदेश में मखाना उत्पादन के विस्तार के लिए 15 हेक्टेयर क्षेत्र में बीज उत्पादन कार्यक्रम भी संचालित है। धमतरी, रायपुर के आरंग क्षेत्र, बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा जिले वर्तमान में प्रदेश के प्रमुख मखाना उत्पादक क्षेत्रों में शामिल हैं।
उत्पादन से निर्यात तक किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन
राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के माध्यम से मखाना क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न प्रकार की सहायता और अनुदान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें खेती के रकबे में विस्तार, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, फसल कटाई के बाद बेहतर प्रबंधन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, विपणन और निर्यात को प्रोत्साहित करने से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों और संबंधित संस्थाओं के साथ जोड़कर मखाना आधारित व्यवसाय की संभावनाओं से परिचित कराना भी है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की संभावना
छत्तीसगढ़ में उपलब्ध तालाबों और जलयुक्त कृषि क्षेत्रों का बेहतर इस्तेमाल मखाना उत्पादन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आधुनिक प्रसंस्करण तकनीक और बाजार तक पहुंच विकसित होने से किसानों के लिए आय के नए अवसर तैयार हो सकते हैं। महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों की भागीदारी से मखाना आधारित उत्पादों के निर्माण तथा स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की भी संभावना है। धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ अब कृषि विविधीकरण के माध्यम से अपनी संभावनाओं का विस्तार कर रहा है। मखाने की वैज्ञानिक खेती, आधुनिक प्रसंस्करण और बेहतर विपणन व्यवस्था यदि प्रभावी रूप से विकसित होती है, तो यह फसल प्रदेश के किसानों की आर्थिक समृद्धि और ग्रामीण उद्यमिता का नया आधार बन सकती है।
Next Story





