छत्तीसगढ़
किसान की हत्या के मामले में बड़ा फैसला, एक ही परिवार के छह लोगों को उम्रकैद
Shantanu Roy
29 Nov 2026 10:28 PM IST

x
छग
Kawardha. कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुरानी रंजिश के चलते किसान गैंदराम यादव की हत्या के मामले में अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश गितेश कुमार कौशिक की अदालत ने मामले की सुनवाई और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर एक ही परिवार के छह लोगों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर तीन हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अदालत ने सभी सजाएं साथ-साथ चलने का आदेश दिया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, हत्या की यह घटना 29 अगस्त 2023 की है। किसान गैंदराम यादव अपने साथी मंत्री यादव के साथ दोपहर करीब 12 बजे मवेशी चराने के लिए बड़े बगीचा की ओर गए थे। मवेशी चराने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बड़े बगीचा स्थित बिही बाड़ी के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने गैंदराम यादव पर हमला कर दिया।
अभियोजन के मुताबिक, आरोपी पहले से गन्ने के खेत में छिपे हुए थे। उन्होंने लाठी-डंडे, टंगिया और घन से गैंदराम यादव पर हमला किया। इस दौरान उनके साथ मौजूद मंत्री यादव किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे। हमले में गैंदराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गैंदराम के हाथ-पैर, पीठ, कमर और पेट में गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉ. हर्षित टुवानी ने उनका प्राथमिक परीक्षण किया। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की। सहायक उपनिरीक्षक दिनेश झारिया ने देहाती नालसी दर्ज की। इसी बीच अस्पताल में उपचार के दौरान गैंदराम यादव की मौत हो गई। किसान की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर विवेचना आगे बढ़ाई। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करने के बाद आरोपियों के विरुद्ध चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया। अपर सत्र न्यायाधीश गितेश कुमार कौशिक की अदालत में प्रकरण की सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और मामले से संबंधित तथ्यों के आधार पर अदालत ने ग्राम कान्हाभैरा, थाना पिपरिया निवासी छह आरोपियों को दोषी करार दिया।
सजा पाने वाले दोषियों में सुरेश चंद्रवंशी (45 वर्ष), पिता कृष्णा, नरेश चंद्रवंशी (42 वर्ष), पिता कृष्णा, सुनील चंद्रवंशी (22 वर्ष), पिता सुरेश, विक्की चंद्रवंशी (19 वर्ष), पिता नरेश, जितेन्द्र चंद्रवंशी (23 वर्ष), पिता बलदाऊ और बलदाऊ चंद्रवंशी (60 वर्ष), पिता कंगला शामिल हैं। अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302/149 के तहत सभी छह दोषियों को आजीवन कारावास और दो-दो हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। इसके अलावा धारा 506 भाग-दो के तहत प्रत्येक दोषी को पांच-पांच वर्ष का सश्रम कारावास और 500-500 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया है।
वहीं, धारा 148/149 के तहत सभी दोषियों को एक-एक वर्ष का सश्रम कारावास और 500-500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। इस प्रकार प्रत्येक दोषी पर कुल तीन हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। सभी छह दोषियों पर लगाए गए अर्थदंड की कुल राशि 18 हजार रुपये है। न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि विभिन्न धाराओं के तहत सुनाई गई सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। वर्ष 2023 में हुई किसान गैंदराम यादव की हत्या के मामले में पुलिस विवेचना और न्यायालयीन सुनवाई के बाद अब छह दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
Next Story





