
x
भिलाई
Bhilai भिलाई: सुपेला थाना क्षेत्र के पाश कॉलोनी नेहरू नगर पश्चिम में एक बंद मकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दिनदहाड़े से लेकर देर रात के बीच घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे से रात 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ भतीजी के विवाह कार्यक्रम में अम्रपाली सोसायटी गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया।
परिवार जब रात लगभग 2 बजे घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे और आसपास भी निगरानी व्यवस्था नहीं होने का फायदा चोरों ने उठाया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, एएसपी सुखनंदन राठौर, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार, सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अलमारी में रखे करीब 1.5 लाख रुपये नकद और 45 से 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं, जबकि परिजनों का दावा है कि नुकसान इससे भी अधिक हो सकता है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
Next Story





