छत्तीसगढ़
BJP को बड़ा झटका, नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने दिया इस्तीफा
Shantanu Roy
17 Sept 2026 2:28 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी को स्थानीय स्तर पर बड़ा झटका लगा है। जिले की पुसौर नगर पंचायत के आठ भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सभी पार्षदों ने अपना त्यागपत्र जिला भाजपा अध्यक्ष को भेज दिया है। एक साथ आठ पार्षदों के इस्तीफे के बाद नगर पंचायत की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि पार्षद पिछले कुछ समय से नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपति की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज चल रहे थे।
विकास कार्यों को लेकर नाराजगी
जानकारी के अनुसार पार्षदों की नाराजगी का मुख्य कारण नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और कार्यप्रणाली बताई जा रही है। पार्षदों का आरोप है कि क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि इस्तीफे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से अभी कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं स्थानीय स्तर पर इस घटनाक्रम को पार्टी के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
15 पार्षदों वाली नगर पंचायत में भाजपा बहुमत में
पुसौर नगर पंचायत में कुल 15 पार्षद हैं और यहां भाजपा बहुमत में है। ऐसे में आठ पार्षदों का एक साथ इस्तीफा देना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस्तीफे के बाद अब सभी की नजरें भाजपा संगठन और नगर पंचायत प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं। पार्टी की ओर से नाराज पार्षदों को मनाने का प्रयास किया जाता है या कोई अन्य रणनीति अपनाई जाती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। स्थानीय राजनीति में इस घटनाक्रम के बाद नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। वहीं नगर पंचायत के कामकाज और नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Next Story





