छत्तीसगढ़

न्यायालय में बड़ी सुरक्षा चूक, NDPS आरोपी हथकड़ी सरकाकर फरार

Shantanu Roy
11 Dec 2025 4:39 PM IST
न्यायालय में बड़ी सुरक्षा चूक, NDPS आरोपी हथकड़ी सरकाकर फरार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को कोर्ट परिसर के अंदर एक बड़ा सुरक्षा चूक का मामला सामने आया, जहाँ एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नई FIR दर्ज कर ली है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। घटना ने कोर्ट सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, प्र आर क्रमांक 1679 जयदेव सोम, जो रक्षित केंद्र रायपुर में पदस्थ हैं, अपने हमराह प्र आर क्रमांक 1291 जहांगीर खान के साथ कुल पांच आरोपियों को पेशी के लिए रायपुर न्यायालय लेकर आए थे। इनमें से तीन आरोपियों को जहांगीर खान माननीय न्यायालय आनंद कुमार सिंह के समक्ष पेश करने ले गए, जबकि दो आरोपी जयदेव सोम की निगरानी में थे।

इसी दौरान थाना राजिम, जिला गरियाबंद के अपराध क्रमांक 389/25, धारा 20(B) NDPS Act के आरोपी आशीष राजावत को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस पंकज सिन्हा की अदालत में पेश किया जाना था। अभियुक्त को हथकड़ी लगी हुई थी। लेकिन शाम लगभग 3:55 बजे आरोपी ने चालाकी से अपने हाथ की हथकड़ी को सरका लिया और पुलिस को धक्का देकर तेजी से कोर्ट परिसर से भाग निकला। प्र आर जयदेव सोम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें चकमा देकर तेजी से घड़ी चौक की तरफ भाग गया। घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपने साथी प्र आर 1291 जहांगीर खान को इसकी जानकारी दी और पूरे कोर्ट परिसर में अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद पुलिस विभाग को घटना की सूचना भेजकर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराने आवेदन प्रस्तुत किया गया।

लिखित आवेदन के आधार पर थाना सिविल लाइन, रायपुर पुलिस ने मामले का अवलोकन किया। प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा धारा 262 BNS के तहत अपराध किए जाने के साक्ष्य पाए गए, जिसके बाद आरोपी आशीष राजावत पिता दशरथ, उम्र 26 वर्ष, निवासी ककारा वार्ड 06, थाना नयागांव, जिला भिंड (म.प्र.) के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में रायपुर के संभावित इलाकों से लेकर अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों तक छापेमारी कर रही है। एनडीपीएस जैसे गंभीर मामले के आरोपी का कोर्ट परिसर से इस तरह फरार होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी कमजोरी को उजागर करता है। इसके बाद कोर्ट सुरक्षा में और सख्ती किए जाने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद विभागीय स्तर पर भी संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
Next Story