छत्तीसगढ़

धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला: 7132 बोरे धान गायब

SHIDDHANT
14 May 2026 10:09 PM IST
धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला: 7132 बोरे धान गायब
x
छत्तीसगढ़
Kondagaon कोंडागांव: जिले के मुलमुला धान खरीदी केंद्र में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां से लगभग 7132 बोरे धान गायब होने की बात कही जा रही है, जिसकी कीमत समर्थन मूल्य के आधार पर करीब 90 लाख रुपये आंकी जा रही है। मामले ने जिले की धान खरीदी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार किसानों से धान की खरीदी कर उसकी ऑनलाइन एंट्री भी की गई थी। इसके बाद मिलरों को उठाव के लिए डिलीवरी ऑर्डर (DO) जारी कर दिए गए। लेकिन जब मिलरों की गाड़ियां धान लेने पहुंचीं, तो गोदाम में धान के बोरे मौजूद नहीं मिले।
इस मामले में खाद्य विभाग ने खरीदी प्रभारी और लेम्प्स प्रबंधक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभागीय अधिकारी का कहना है कि मामला गंभीर है और फर्जी खरीदी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं लेम्प्स प्रबंधक का कहना है कि ऑनलाइन एंट्री में गड़बड़ी हो सकती है और धान के बोरे किसी अन्य स्थान पर रखे गए होंगे। हालांकि मिलरों का कहना है कि जब गोदाम में धान ही नहीं है तो उठाव कैसे किया जाए।
जिले में कुल 67 उपार्जन केंद्रों में अब तक लाखों क्विंटल धान खरीदी और उठाव का काम पूरा हो चुका है, लेकिन इस घटना ने पूरी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से सीसीटीवी निगरानी और सख्त मॉनिटरिंग के दावों के बीच इतनी बड़ी मात्रा में धान का गायब होना जांच का विषय बन गया है।
Next Story