छत्तीसगढ़
फरसगांव में भीषण सड़क हादसा, आर्मी जवान की मौत, 6 लोग घायल
Shubhra Nandy
24 Oct 2026 8:53 AM IST

x
बोलेरो पेड़ से टकराई
फरसगांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गट्टीपलना मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में भारतीय सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में वाहन सवार पांच अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
कार्यक्रम देखने जा रहे थे सात लोग
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सात लोग सवार होकर पांडेआठगांव में आयोजित कार्यक्रम देखने जा रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वाहन गट्टीपलना मोड़ पर पहुंचा, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया।
आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौत
हादसे में ग्राम पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम, पिता सुबेलाल नेताम की मौत हो गई। वहीं, सेना के जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। अन्य घायलों की पहचान नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम, तेजलाल नेताम और परदेशी कोर्राम के रूप में हुई है। इनमें चार घायल ग्राम पल्ली और परदेशी कोर्राम ग्राम आलोर के निवासी बताए गए हैं।
दो गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का फरसगांव अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। फरसगांव थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। वाहन के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





