छत्तीसगढ़
महादेव सट्टा ऐप केस में बड़ा खुलासा, महीने में दो बार दी जाती थी 50 लाख की प्रोटेक्शन मनी
Shantanu Roy
12 Nov 2026 8:03 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सीबीआई की पूछताछ के दौरान प्रोटेक्शन मनी, लाइजनिंग, पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रवि उप्पल ने महीने में दो बार 50-50 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी देने की बात स्वीकार की है। वहीं, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने लाइजनिंग के काम से पल्ला झाड़ते हुए पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम संभालने की बात स्वीकार की है। आठ दिन की सीबीआई रिमांड समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्रोटेक्शन मनी को लेकर अहम जानकारी
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सीबीआई की पूछताछ के दौरान प्रोटेक्शन मनी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि महीने में दो बार 50-50 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी के तौर पर दिए जाते थे। मिली जानकारी के मुताबिक, रवि उप्पल ने प्रोटेक्शन मनी देने के साथ ही लाइजनिंग का काम संभालने की बात भी स्वीकार की है। वहीं, सीबीआई की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने लाइजनिंग से जुड़े काम में अपनी भूमिका से इनकार किया है। हालांकि, उसने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम संभालने की बात स्वीकार की है।
शुभम सोनी के वीडियो का सीबीआई ने दिया हवाला
आठ दिन की रिमांड के दौरान सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर से लंबी पूछताछ की है। इस दौरान सीबीआई ने शुभम सोनी द्वारा जारी किए गए वीडियो का भी हवाला दिया। शुभम सोनी ने अपने वीडियो में दावा किया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल उसके नीचे काम करते हैं। बताया जा रहा है कि जब सीबीआई ने इस वीडियो के संबंध में सौरभ चंद्राकर से सवाल किए तो उसने इस मामले से पल्ला झाड़ लिया। सौरभ ने पूछताछ के दौरान कहा कि इस संबंध में शुभम सोनी से ही पूछा जाए। सीबीआई की पूछताछ में लाइजनिंग, पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन से जुड़े मामलों पर भी सवाल किए गए।
ईडी की कस्टडी का आवेदन खारिज
सौरभ चंद्राकर की आठ दिन की सीबीआई रिमांड समाप्त होने के बाद उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरभ चंद्राकर को अपनी कस्टडी में लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। हालांकि, सीबीआई कोर्ट ने ईडी के कस्टडी आवेदन को खारिज कर दिया। न्यायालय ने सौरभ चंद्राकर को सात दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। अब ईडी द्वारा सौरभ चंद्राकर को अपनी कस्टडी में लेने के लिए पीएमएलए की विशेष अदालत में प्रोडक्शन वारंट का आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आठ दिन की सीबीआई रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में प्रोटेक्शन मनी और हवाला ट्रांजेक्शन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अब ईडी की ओर से पीएमएलए विशेष न्यायालय में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन पेश किए जाने की तैयारी है।
Next Story





