छत्तीसगढ़

छग में बड़ा खुलासा: तीन चोरी के मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
14 July 2026 5:16 PM IST
छग में बड़ा खुलासा: तीन चोरी के मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार
x
छग-
Mahasamund. महासमुंद। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए महासमुंद पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने थाना महासमुंद, थाना सिंघोड़ा और थाना तुमगांव क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 21 लाख 39 हजार 640 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसमें 107.009 ग्राम सोना जिसकी कीमत करीब 14 लाख 62 हजार 781 रुपये और 747.730 ग्राम चांदी जिसकी कीमत करीब 1 लाख 90 हजार 339 रुपये शामिल है।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चोरी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
पहला मामला थाना महासमुंद क्षेत्र का है। 18 मई 2026 की रात हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। प्रार्थी सुखेन्द्र द्विवेदी ने पुलिस को बताया था कि वह शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। चोर घर से चांदी की मूर्तियां, आभूषण, सोने की अंगूठियां, नगदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब 98 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के हुलिए और चोरी के तरीके के आधार पर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के डोला क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मिथलेश उर्फ फक्के, रोशन मरावी, पंकज सिंह मरावी और राजा सिंह धुर्वे शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दो जगह चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, पांच मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 66 हजार 700 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

सिंघोड़ा पुलिस ने पकड़ा पारधी गिरोह, 12 लाख की संपत्ति जब्त
दूसरा मामला थाना सिंघोड़ा क्षेत्र का है। यहां रूढ़ा गांव में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया। 22 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी को खेत में ले जाकर तोड़ा था और उसमें रखे नगदी, सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर पारधी गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आनंद पारधी, संजय पारधी, मन्नू पारधी, सूरजभान पारधी, हेमलाल पारधी, सुरेंद्र पारधी और घनश्याम कोसले शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रूढ़ा के अलावा आरंग और जैजैपुर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इस मामले में पुलिस ने चार जोड़ी चांदी की पायल, सोने के आभूषण और तीन मोटरसाइकिल समेत कुल 12 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। चोरी का माल खरीदने वाले रायपुर निवासी अतुल पाटिल को भी पुलिस ने मामले में आरोपी बनाया है।

तुमगांव चोरी मामले में हाईटेक तरीके से चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
तीसरा मामला थाना तुमगांव क्षेत्र का है। ग्राम अछोली में सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। पीड़ित देवेन्द्र चंद्राकर परिवार के साथ शादी कार्यक्रम में गए थे। इसी दौरान चोर ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी कर ली। जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही राहुल उर्फ भोजदास साहू पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के लिए आरंग से इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदा था। इसके बाद रात में घर पहुंचकर ग्राइंडर से ताला काटा और अंदर रखे आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग ज्वेलर्स से बेचे गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए। इस कार्रवाई में पुलिस ने 53.34 ग्राम सोना, 468.230 ग्राम चांदी, मोटरसाइकिल और ग्राइंडर सहित कुल 7 लाख 26 हजार 940 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता
महासमुंद पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और आरोपियों के अपराध करने के तरीके का विश्लेषण कर कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय चोरी गिरोहों पर बड़ा शिकंजा माना जा रहा है।
Tagsमहासमुंद पुलिस कार्रवाईचोरी के मामले का खुलासातीन थाना क्षेत्रों में चोरीसोना चांदी बरामदपारधी गिरोह गिरफ्तारहाउसिंग बोर्ड चोरीतुमगांव चोरी मामलासिंघोड़ा पुलिससाइबर जांचछत्तीसगढ़ क्राइम न्यूजक्राइम न्यूजMahasamund police actiontheft case solvedtheft in three police station areasgold and silver recoveredPardhi gang arrestedHousing Board theftTumgaon theft caseSinghora policecyber investigationChhattisgarh crime newscrime newsछत्तीसगढ़ न्यूज हिंदीछत्तीसगढ़ न्यूजछत्तीसगढ़ की खबरछत्तीसगढ़ लेटेस्ट न्यूजछत्तीसगढ़ न्यूज अपडेटछत्तीसगढ़ हिंदी न्यूज टुडेछत्तीसगढ़ हिंदीन्यूज हिंदी न्यूज छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ हिंदी खबरछत्तीसगढ़ समाचार लाइवChhattisgarh News HindiChhattisgarh NewsNews of ChhattisgarhChhattisgarh Latest NewsChhattisgarh News UpdateChhattisgarh Hindi News TodayChhattisgarh HindiNews Hindi News ChhattisgarhChhattisgarh Hindi NewsChhattisgarh News Liveजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story