छत्तीसगढ़

कांकेर के किसानों को बड़ी राहत: 14 नए धान खरीदी केंद्र और 4 उपकेंद्र स्वीकृत

Shubhra Nandy
12 Nov 2026 7:23 AM IST
कांकेर के किसानों को बड़ी राहत: 14 नए धान खरीदी केंद्र और 4 उपकेंद्र स्वीकृत
x
अब गांव के पास बेच सकेंगे धान
उत्तर बस्तर कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिले में 14 नवीन धान खरीदी केंद्र और चार अस्थायी धान उपार्जन उपकेंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की है। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के किसानों को अपने नजदीक ही समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलने के साथ ही समय, श्रम और परिवहन खर्च की भी बचत होगी।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से नवीन उपार्जन केंद्रों और अस्थायी उपकेंद्रों की स्थापना की जा रही है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की विभिन्न समितियों के अंतर्गत नए धान खरीदी केंद्रों को स्वीकृति दी गई है।
आतुरगांव और कढ़ईखोदरा में खुलेंगे नए खरीदी केंद्र
समिति आतुरगांव के अंतर्गत ग्राम आतुरगांव में नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किया गया है। इस केंद्र में आतुरगांव, पथर्री, व्यासकोंगेरा, देवकोंगेरा, बोरगांव, कुलगांव, कोमलपुर, लुलेगोंदी एवं गोवर्धन के किसान समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे। इसी प्रकार समिति कढ़ईखोदरा के अंतर्गत ग्राम कढ़ईखोदरा में नवीन धान खरीदी केंद्र खोला गया है। इस केंद्र में कढ़ईखोदरा, पेवारी, जैतानवागांव, सुरेली, कामता एवं काटनखोड़ के किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिलेगी।
कर्रेगांव और नवागांव गोडरी के किसानों को मिलेगी सुविधा
समिति कर्रेगांव के अंतर्गत ग्राम कर्रेगांव में नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किया गया है। यहां कर्रेगांव, मंडागांव, लामन, अमोड़ी, आमाकोट, जेठेगांव, बुट्टापिपली, नेलसोड़, नवागढ़, हल्बासिकसोड़ एवं उमकी के किसान धान बेच सकेंगे। वहीं समिति कढ़ईखोदरा के अंतर्गत ग्राम नवागांव गोडरी में भी नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति दी गई है। इस केंद्र के माध्यम से गोडरी, घुमसीमुंडा एवं नवागांव के किसानों को अपने नजदीक धान विक्रय करने की सुविधा मिलेगी।
नागरबेड़ा और किसकोड़ो में दो नए केंद्र
समिति आमाबेड़ा के अंतर्गत ग्राम नागरबेड़ा एवं किसकोड़ो में दो नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। नागरबेड़ा धान खरीदी केंद्र में नागरबेड़ा, सेंदुरमेटा, एटेगांव, टिमनार, चंगोड़ी एवं कुरूटोला के किसान धान विक्रय कर सकेंगे। इसी तरह किसकोड़ो केंद्र में किसकोड़ो, करमरी, मेचानार, कोंगेरा, गवाड़ी, राये, चपई, गड़दा, कुदुरपाल एवं घोटिया के किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी।
मन्हाकाल और पानीडोबीर के किसानों को राहत
समिति चारगांव के अंतर्गत ग्राम मन्हाकाल में नवीन धान खरीदी केंद्र खोला गया है। इस केंद्र में कतरूकुरुषबोड़ी, एन्हुर, हेतले, छोटेबोदेली, मेटाबोदेली, मन्हाकाल, मांझीकुरुषबोड़ी एवं लोहारी के किसान धान बेच सकेंगे। समिति कोयलीबेड़ा के अंतर्गत ग्राम पानीडोबीर में भी नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किया गया है। इस केंद्र से आलपरस, आलपर, गुंदूल, हताड़कसा, केहलाबेड़ा, केशेकोड़ी, संबलपुर, गट्टाकाल, पानीडोबीर, चिलपरस, भोंमरा, जुंगड़ा, गुडाबेड़ा, मिचेबेड़ा एवं कागबरस के किसानों को लाभ मिलेगा।
कलेपरस, प्रेमनगर और ईरिकबुटा में भी खरीदी केंद्र
समिति सरंडी के अंतर्गत ग्राम कलेपरस में नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किया गया है। यहां कलेपरस, आमाकड़ा, मुरामेर, आमागांव, चिपोंडी, मुरनार, सिरसांगी, चिंगनार एवं बोंदानार के किसान धान विक्रय कर सकेंगे। इसके अलावा समिति कापसी के अंतर्गत ग्राम प्रेमनगर और समिति बड़े कापसी के अंतर्गत ग्राम ईरिकबुटा में भी नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की स्वीकृति दी गई है। ईरिकबुटा केंद्र में ईरिकबुटा, उडूमगांव, बंडागांव, किरेकट्टा, बारसुन एवं खैरकट्टा के किसानों को धान बेचने की सुविधा मिलेगी।
स्वरूपनगर, मेहड़ा और लक्ष्मीपुर में खुलेंगे केंद्र
समिति संगम के अंतर्गत स्वरूपनगर में नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किया गया है। यहां स्वरूपनगर, जुरानमेहड़ा, परियाहूर, ओंदापार, माचपल्ली एवं बुरका के किसान समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे। समिति छोटेबेठिया के अंतर्गत ग्राम मेहड़ा में नवीन केंद्र खोला गया है। इस केंद्र में अचिनपुर, कालरकुटनी, मांझीकुटनी, मेहड़ा, कुदाड़ी, जामकुटनी, हिदूर, कलपर, आमाटोला, ब्रहेबेड़ा, खैरीपदर एवं आलदण्ड के किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिलेगी। वहीं समिति पखांजूर के अंतर्गत पीव्ही-73 लक्ष्मीपुर में नवीन धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किया गया है। इस केंद्र में निदड़े, फुरफुंडी एवं मुरडोंडा के किसान समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे।
चार अस्थायी धान उपार्जन उपकेंद्र भी स्वीकृत
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को अधिक सुगम बनाने और किसानों की मांग के अनुरूप सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने चार अस्थायी धान उपार्जन उपकेंद्र खोलने का आदेश भी जारी किया है। इसके तहत भानुप्रतापपुर विकासखंड में समिति संबलपुर के अंतर्गत ग्राम बांसला तथा दुर्गूकोंदल विकासखंड में समिति दमकसा के अंतर्गत ग्राम महेन्द्रपुर में अस्थायी उपकेंद्र स्थापित किए गए हैं। इसी तरह कोयलीबेड़ा विकासखंड में समिति छोटेबेठिया के अंतर्गत ग्राम रेंगावाही तथा समिति गोंडाहूर के अंतर्गत ग्राम ढोरकट्टा में अस्थायी धान उपार्जन उपकेंद्र बनाए गए हैं। इन उपकेंद्रों में धान खरीदी के लिए संबंधित मूल उपार्जन केंद्रों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
किसानों के समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
नवीन धान खरीदी केंद्रों एवं अस्थायी उपकेंद्रों की स्थापना से कांकेर जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। किसानों को अब समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। अपने नजदीक ही धान खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसानों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नए केंद्रों और उपकेंद्रों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
Next Story