छत्तीसगढ़

रायपुर में यातायात सुधार की बड़ी तैयारी

Shantanu Roy
20 Aug 2026 8:22 PM IST
रायपुर में यातायात सुधार की बड़ी तैयारी
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी की यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के प्रमुख जाम वाले स्थानों, सर्विस रोड, अंडरब्रिज, पार्किंग, अतिक्रमण और सड़क संरचना में सुधार को लेकर लघुकालीन कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए तैयार कार्ययोजना पर जल्द कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में कम समय में प्रभावी सुधार कर नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रमुख चौराहों और सड़कों के सुधार पर फोकस
बैठक में डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने यातायात सुधार से जुड़ा प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। इसमें शहर के प्रमुख चौराहों, सर्विस रोड, अंडरब्रिज, डिवाइडर, पार्किंग व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्याओं को चिन्हांकित कर उनके समाधान के प्रस्ताव रखे गए। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां सड़क, ड्रेनेज, विद्युत पोल, सर्विस रोड और अन्य अधोसंरचनात्मक सुधार की जरूरत है, वहां यातायात पुलिस के साथ संयुक्त निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करें।
तेलीबांधा और संतोषी नगर क्षेत्र में सुधार
तेलीबांधा क्षेत्र में सर्विस रोड और तिराहे के सुधार का प्रस्ताव रखा गया है। तेलीबांधा थाना के सामने अस्थायी स्टॉपर की जगह सीमेंट ब्लॉक से स्थायी डिवाइडर बनाने, होटल किंग्सवे से अंडरब्रिज तक करीब 100 मीटर सर्विस रोड जोड़ने और अधूरे सर्विस रोड को पूरा करने की योजना है। संतोषी नगर और पचपेड़ीनाका क्षेत्र में विद्युत खंभों को व्यवस्थित कर सर्विस रोड चौड़ीकरण और डामरीकरण का प्रस्ताव रखा गया है। इससे अंडरपास क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
अंडरब्रिज और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव
रायपुरा अंडरब्रिज में सड़क चौड़ाई बढ़ाने के लिए फुटपाथ को व्यवस्थित करने और सर्विस रोड में लगे विद्युत खंभों व ट्रांसफार्मर को हटाने का प्रस्ताव रखा गया। कुशालपुर अंडरब्रिज में बड़े वाहनों के कारण होने वाले जाम और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए ऊंचाई अवरोधक लगाने की योजना बनाई गई है। मरीन ड्राइव क्षेत्र में सड़क किनारे पार्किंग की समस्या को देखते हुए दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया।
बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
बैठक में मालवीय रोड, बैजनाथ पारा सहित अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। भाठागांव चौक-काठाडीह मार्ग पर सड़क पर लगने वाले सब्जी बाजार के कारण जाम की समस्या को देखते हुए बाजार को स्थायी हाट बाजार में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया। वहीं तेलघानीनाका क्षेत्र में संचालित करीब 300 गोदामों और गैरेजों को शहर से बाहर व्यवस्थित स्थान पर विस्थापित करने की योजना पर चर्चा की गई।
7 स्थानों पर लगाए जाएंगे ट्रैफिक सिग्नल
बैठक में शहर के 7 प्रमुख स्थानों पर नए ट्रैफिक सिग्नल लगाने की जरूरत चिन्हांकित की गई है। इनमें द्रोणाचार्य स्कूल चौक, कमल होटल के पास चौक, अनुपम गार्डन चौक, एम्स गेट नंबर-4 के सामने चौक, मंडी गेट तिराहा, पंडरी थाना के सामने दूबे कॉलोनी तिराहा और व्यास तालाब तिराहा शामिल हैं। इसके अलावा 15 स्थानों पर स्थायी मार्ग विभाजक बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है, ताकि रांग साइड मूवमेंट और दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने का लक्ष्य
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में जल्द से जल्द व्यावहारिक सुधार करना है। प्रशासन का लक्ष्य जाम, अवैध पार्किंग, रांग साइड चलने और दुर्घटनाओं की संभावना को कम कर नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Next Story