छत्तीसगढ़
अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 47 लीटर से ज्यादा शराब जब्त
Shantanu Roy
31 Aug 2026 6:28 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 30 अगस्त 2026 को चक्रधरनगर, पुसौर और जोबी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के तीन मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 47 लीटर 400 एमएल से अधिक अवैध शराब बरामद की है। इसके साथ ही शराब के परिवहन और बिक्री में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें और बिक्री की रकम भी जब्त की गई है। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
चक्रधरनगर पुलिस ने बाइक से महुआ शराब ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा
चक्रधरनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से ग्राम सम्बलपुरी से गोवर्धनपुर होते हुए रायगढ़ की ओर बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर जा रहे हैं। शराब को बिक्री के लिए परिवहन किए जाने की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। प्रधान आरक्षक बालचन्द्र मोहन राव के नेतृत्व में आरक्षक संदीप कौशिक और मिनकेतन पटेल की टीम ने इंदिरा विहार बेरियर मेन रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AV 1201 में दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
चालक ने अपना नाम विनय कुमार खेस्स (39) निवासी रामभांठा संजय मैदान, थाना सिटी कोतवाली, रायगढ़ बताया। वहीं पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान दिनेश लकड़ा (35) निवासी उरांव पारा, ग्राम गोवर्धनपुर, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई। मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर बीच में रखी दो प्लास्टिक बोरियों में पारदर्शी पॉलिथीन में भरी 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये है। शराब परिवहन में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये है, उसे भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जोबी पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को शराब बेचते पकड़ा
इधर, चौकी जोबी पुलिस ने ग्राम खम्हार में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खम्हार निवासी परमेश्वर राठिया (19) गोर पार तिराहा के पास मोटरसाइकिल में बैग रखकर अवैध शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड की। पुलिस को देखकर शराब खरीदने वाले कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि परमेश्वर राठिया को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AS 8486 में लटके नीले रंग के बैग से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार कुल 5 लीटर 400 एमएल शराब, जिसकी कीमत करीब 3,560 रुपये है, बरामद की गई। इसके अलावा बिक्री की रकम 160 रुपये और शराब बिक्री में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है, जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर खरीदी गई शराब को अधिक कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुसौर पुलिस ने 12 लीटर महुआ शराब जब्त की
तीसरी कार्रवाई पुसौर थाना क्षेत्र में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सूचना मिली थी कि ग्राम पड़िगांव के साप्ताहिक बाजार के पास अवैध महुआ शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गोविंद चौहान (38) निवासी ग्राम पड़िगांव, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखी 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और भंडारण पर निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
Next Story





