
x
छग
Raipur रायपुर: नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। डीसीपी पश्चिम जोन श्री रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और एसीपी पुरानी बस्ती के नेतृत्व में थाना डी.डी. नगर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना डी.डी. नगर पुलिस टीम टाउन भ्रमण अभियान पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खल्लारी चौक, रायपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम खगेश पाल, पिता देवराम पाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी बांसताल, खल्लारी चौक, थाना डी.डी. नगर, रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी बरामद की। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें देशी मदिरा मसाला शराब के 35 पाउच मिले। पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक पाउच में 180 एमएल शराब थी। इस तरह कुल 6.300 बल्क लीटर देशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है।
मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।
Next Story





