छत्तीसगढ़

दुर्ग में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
20 Nov 2026 10:04 PM IST
दुर्ग में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 आरोपी गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुम्हारी पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 516 ग्राम गांजा और 26 हजार 340 रुपए नकद बरामद किए हैं। वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलगांव थाना की अंजोरा चौकी पुलिस ने गांजा कारोबार के पुराने मामले में फरार सह-आरोपी को महासमुंद जिले से गिरफ्तार किया है।
कुम्हारी में गांजा बेचने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को कुम्हारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीएमसी खंडहर के पास बरगद के पेड़ के नजदीक एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान लक्ष्मण जगत (34 वर्ष), निवासी रूप नगर, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.516 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 26,340 रुपए नकद भी जब्त किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 लाख 1 हजार 340 रुपए की संपत्ति जब्त की।
पुराने NDPS मामले में भी फरार था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि लक्ष्मण जगत कुम्हारी थाने के पुराने एनडीपीएस मामले में भी फरार था। अपराध क्रमांक 293/2026 में आरोपी प्रेम साहू से 6.315 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। प्रेम साहू वर्तमान में केंद्रीय जेल दुर्ग में है। पुलिस ने लक्ष्मण जगत के खिलाफ नए मामले में अपराध क्रमांक 382/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(II)(बी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को पुराने मामले में भी अलग से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
महासमुंद से पकड़ा गया फरार सह-आरोपी
दूसरी कार्रवाई पुलगांव थाना की अंजोरा चौकी पुलिस ने की। करीब 2.5 किलोग्राम गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में फरार सह-आरोपी किशन यादव की पुलिस तलाश कर रही थी। इस मामले में पुलिस पहले ही गुरु लखनलाल गोंड को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर महासमुंद निवासी किशन यादव का नाम सामने आया था।
छह दिन की तलाश के बाद मिली सफलता
नगर पुलिस अधीक्षक देवांश सिंह राठौर के निर्देश पर अंजोरा चौकी और पुलगांव थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी और मुखबिरों की सहायता से छह दिनों तक तलाश करने के बाद पुलिस ने 20 नवंबर को महासमुंद में दबिश देकर किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को दुर्ग लाया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया।
Next Story