
x
छग
Bilaspur बिलासपुर। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप पकड़ी है। पुलिस ने 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 7 सितंबर 2026 को बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की।
कार की डिक्की से मिली नशीली सिरप की खेप
पुलिस टीम ने संदिग्ध काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप ऑनरेक्स बरामद हुई। पुलिस ने कुल 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त की। इसका कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है। आरोपियों से जब्त कफ सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कफ सिरप के साथ एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. मिथुन बघेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर
2. अमन कुमार चौबे (26 वर्ष), निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर
के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया है कि इस अवैध कारोबार में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने राजा भोई और नीरज पटेल को फरार आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी कफ सिरप उपलब्ध कराने में शामिल थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 21, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
Next Story





