छत्तीसगढ़
रायपुर में ANTF की बड़ी कार्रवाई, टेबलेट सप्लायर को घेराबंदी कर पकड़ा
Shantanu Roy
28 Aug 2026 4:27 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पश्चिम क्षेत्र थाना कबीर नगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Nitrazepam Tablet IP, Nitrosun 10mg की कुल 1590 गोलियां, तीन मोबाइल फोन और 500 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 38,220 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के पश्चिम क्षेत्र के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अवैध खरीद-बिक्री के संबंध में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी कड़ी में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना कबीर नगर क्षेत्र के अटारी ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली गोलियों की बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कबीर नगर पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम नागेश ध्रुव, पिता संतोष ध्रुव, उम्र 20 वर्ष बताया। आरोपी धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के इंद्रानगर, सिविल अस्पताल के पीछे का निवासी है।
1590 नशीली गोलियां बरामद
पुलिस ने संदेही की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से Nitrazepam Tablet IP, Nitrosun 10mg की बड़ी मात्रा बरामद हुई। पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित नशीली गोलियां 16 पैकेटों में कुल 159 स्ट्रिप में थीं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 टैबलेट होने के हिसाब से कुल 1590 नग गोलियां बरामद की गईं। बरामद नशीली गोलियों का सकल वजन 1157.52 ग्राम और शुद्ध वजन 954 ग्राम बताया गया है। इन गोलियों की एमआरपी करीब 12,720 रुपये है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से बिक्री की रकम के रूप में 500 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
तीन मोबाइल फोन भी जब्त
नशीली गोलियों के साथ पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनमें एक सफेद रंग का वीवो टच स्क्रीन मोबाइल शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक ब्लू कलर का ओप्पो टच स्क्रीन मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये और एक नेवी ब्लू रंग का टच स्क्रीन मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों मोबाइल फोन को भी प्रकरण में जब्त किया गया है। नगदी और अन्य सामान सहित कुल जुमला मसरूका की कीमत 38,220 रुपये आंकी गई है।
NDPS Act के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी का कृत्य धारा 22(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत पाए जाने पर थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 173/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी नागेश ध्रुव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान प्रतिबंधित नशीली गोलियां आरोपी तक कैसे पहुंचीं और इनके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
नशे के खिलाफ ANTF का अभियान जारी
रायपुर पुलिस द्वारा युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने और अवैध नशीली दवाइयों की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रभारी सुनील दास की कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों का कहना है कि नशीली दवाइयों और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जब्ती का विवरण
Nitrosun 10mg नशीली गोलियां: 1590 नग, 159 स्ट्रिप
नशीली गोलियों की MRP: 12,720 रुपये
नगद रकम: 500 रुपये
मोबाइल फोन: 3 नग
कुल जुमला मसरूका: 38,220 रुपये
Next Story





