छत्तीसगढ़
जमीन का बड़ा फर्जीवाड़ा बेनकाब, फर्जी खसरा बनाकर बेच दी सरकारी पट्टे की जमीन
Shantanu Roy
22 Nov 2026 3:00 PM IST

x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दरिमा तहसील अंतर्गत ग्राम दरिमा में सरकारी राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर जमीन हड़पने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। जांच में बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के नया खसरा नंबर तैयार कर निजी व्यक्ति के नाम जमीन दर्ज करने और इसके बाद उसकी रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। तहसीलदार दरिमा के जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर अजीत वसंत ने तत्कालीन पटवारी समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संदिग्ध रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और अवैध राजस्व प्रविष्टि हटाने की कार्रवाई करने को कहा है।
भाजपा नेता की शिकायत पर खुला मामला
इस पूरे मामले की शिकायत पार्षद और भाजपा नेता आलोक दुबे ने कलेक्टर अजीत वसंत से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे। जांच में ग्राम दरिमा की खसरा क्रमांक 1322 और कथित खसरा क्रमांक 1322/2 के राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आई। जांच के अनुसार, खसरा नंबर 1322 का मूल रकबा 2.76 एकड़ यानी 1.117 हेक्टेयर था। इस जमीन का पट्टा सिंहदेव योजना के तहत वर्ष 1968-69 में शासकीय पट्टेदार चंदर पिता बजरंग पनिका को दिया गया था।
बिना आदेश तैयार कर दिया नया खसरा नंबर
जांच प्रतिवेदन के मुताबिक, वर्ष 2016-17 के खसरा पांचशाला अभिलेख में खसरा नंबर 1322 का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था। इसके बाद कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में इस खसरे को बटांकित दिखाते हुए हस्तलिखित रूप से खसरा नंबर 1322/1 और 1322/2 दर्ज कर दिया गया। इसमें खसरा नंबर 1322/1 का रकबा 1.117 हेक्टेयर और खसरा नंबर 1322/2 का रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्शाया गया। कथित तौर पर नए खसरा नंबर 1322/2 को बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम दर्ज किया गया था।
कैफियत कॉलम में लिखा लुप्त खसरा होने का कारण
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि राजस्व अभिलेख के कैफियत कॉलम नंबर 12 में हस्तलिखित रूप से नए खसरे की प्रविष्टि का कारण 'लुप्त खसरा होने से' दर्शाया गया था। जबकि जांच में इस प्रविष्टि को लेकर किसी सक्षम अधिकारी का आदेश या अनुमोदन उपलब्ध नहीं मिला। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मूल खसरा नंबर 1322 के रकबे में कोई कमी किए बिना अलग से 2.202 हेक्टेयर जमीन का नया खसरा नंबर तैयार कर बलिराम के नाम दर्ज कर दिया गया। इससे राजस्व रिकॉर्ड में कथित कूटरचना कर निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने की आशंका सामने आई।
फर्जी रिकॉर्ड के आधार पर 2023 में हुई रजिस्ट्री
जांच में सामने आया कि 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा ने ऑनलाइन राजस्व दस्तावेजों में भूमि के नामांतरण से संबंधित प्रविष्टि की थी। इसके बाद 11 सितंबर 2023 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से उक्त भूमि आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी और रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को बेच दी गई। कलेक्टर के आदेश के अनुसार, बिना सक्षम स्वीकृति के हस्तलिखित प्रविष्टि कर निजी व्यक्ति के नाम जमीन दर्ज की गई और बाद में उसका विक्रय कराया गया। इस मामले में राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी और कूटरचना के गंभीर तथ्य सामने आए हैं।
तत्कालीन पटवारी समेत चार लोगों पर FIR के निर्देश
कलेक्टर ने विक्रेता बलिराम पिता रामप्रसाद, निवासी ग्राम खजुरी, तहसील दरिमा, क्रेता आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी, निवासी जयनगर, जिला सूरजपुर, दूसरे क्रेता रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह, निवासी विश्रामपुर, जिला सूरजपुर और ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के विरुद्ध संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए तहसीलदार दरिमा को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। वहीं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को संदिग्ध रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और अवैध राजस्व प्रविष्टि को रिकॉर्ड से विलोपित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने इन सभी कार्रवाई का तत्काल पालन सुनिश्चित कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है। इस मामले के सामने आने के बाद राजस्व अभिलेखों की शुद्धता और जमीन के रिकॉर्ड में अनधिकृत बदलाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता बढ़ गई है।
Tagsसरगुजा जमीन फर्जीवाड़ादरिमा जमीन घोटालाफर्जी खसरा नंबरतत्कालीन पटवारी पर FIRकलेक्टर अजीत वसंतछत्तीसगढ़ राजस्व रिकॉर्ड हेराफेरीराजस्व रिकॉर्ड हेराफेरीजमीन फर्जीवाड़ाजमीन घोटालाSurguja land fraudDarima land scamfake Khasra numberFIR against the then PatwariCollector Ajit VasantChhattisgarh revenue record manipulationrevenue record manipulationland fraudland scam
Next Story





