छत्तीसगढ़
SECL खदान में बड़ी वारदात, नकाबपोशों ने ऑपरेटर को बंधक बनाकर काटी केबल
jantaserishta.com
1 Nov 2026 1:35 PM IST

x
छत्तीसगढ़.
सूरजपुर: कोयला उत्पादन और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की बलरामपुर 10/12 भूमिगत खदान में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर सनसनी फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने न केवल लाखों रुपये कीमती केबल काटकर चोरी कर ली, बल्कि ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी भी दी। हैरानी की बात यह है कि, खदान की सुरक्षा में 50 से अधिक त्रिपुरा राइफल के जवानों की तैनाती के बावजूद बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे 20 से 25 की संख्या में नकाबपोश बदमाश बलरामपुर 10/12 भूमिगत खदान के पंखा घर में घुस आए। हथियारों से लैस आरोपियों ने वहां ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर को अपने कब्जे में ले लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य की केबल काटी और उसे लेकर फरार हो गए।
केबल चोरी की इस वारदात का असर खदान की व्यवस्थाओं पर भी पड़ा। केबल काटे जाने के कारण बिजली आपूर्ति और पंखा व्यवस्था घंटों तक ठप रही। भूमिगत खदान में पंखों की व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है, ऐसे में इस तरह की घटना खदान की सुरक्षा और संचालन को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि, पांच से छह दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात बताई जा रही है। वहीं, पिछले एक साल के दौरान क्षेत्र में दर्जनों बार केबल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि चोर गिरोह के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।
खदान की सुरक्षा के लिए 50 से अधिक त्रिपुरा राइफल के जवान तैनात होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में हथियारबंद बदमाशों का खदान परिसर में घुसना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रही चोरी और कर्मचारियों को मिल रही धमकियों से उनमें भय और आक्रोश का माहौल है। कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने और खदान की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





