छत्तीसगढ़
कटोरा तालाब में बड़ा हादसा! पटाखों से दुकानों के बाहर लगी भीषण आग; 3 दुकानों की सजावट जलकर खाक
Shubhra Nandy
9 Nov 2026 6:42 AM IST

x
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिवाली के दौरान पटाखों की चिंगारी से आग लगने की घटना सामने आई है। कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास सड़क पर फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी दुकानों के बाहर लगे डेकोरेशन पर जा गिरी। इसके बाद अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते 2 से 3 दुकानों के बाहर की सजावट इसकी चपेट में आ गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग दुकानों के भीतर फैलने और बड़ा नुकसान होने से बच गया।
पटाखों की चिंगारी से अचानक भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में संत कंवरराम चौक के पास सड़क पर पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारी दुकानों के बाहर लगाए गए सजावटी सामान पर जा गिरी। चिंगारी के संपर्क में आते ही डेकोरेशन में आग लग गई।आग तेजी से फैलने लगी और आसपास की दुकानों के बाहर लगी सजावट को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते 2 से 3 दुकानों के बाहर लगा डेकोरेशन जलने लगा। अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
2 से 3 दुकानों की सजावट जलकर खाक
इस घटना में दुकानों के बाहर लगाया गया डेकोरेशन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारण दुकानों के बाहरी हिस्से में लगी सजावट को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे आग दुकानों के अंदर तक नहीं पहुंच सकी और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पटाखों की चिंगारी से शुरू हुई इस आग ने कुछ ही समय में कई दुकानों की बाहरी सजावट को अपनी चपेट में ले लिया था। हालांकि, आग को आगे फैलने से रोक लिया गया।
पिछले महीने पंडरी के महालक्ष्मी मार्केट में लगी थी आग
रायपुर में इससे पहले 25 अक्टूबर को पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल के पास महालक्ष्मी मार्केट की एक होम डेकोरेशन दुकान में आग लगने की घटना सामने आई थी। यह आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी थी। शुरुआती जानकारी में दुकान के एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने से आग लगने की आशंका जताई गई थी। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फर्नीचर और सजावटी सामान जल गया था। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और आग बुझाने का अभियान चलाया गया था।
पंडरी की घटना में लाखों के नुकसान की आशंका
महालक्ष्मी मार्केट में हुई आगजनी की घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। अब कटोरा तालाब के संत कंवरराम चौक के पास पटाखों की चिंगारी से दुकानों की सजावट जलने की घटना सामने आई है। इस बार आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
Next Story





