छत्तीसगढ़
अकलतरा पुलिस की तत्परता से टली बड़ी आगजनी, 14 लोगों को बचाया गया
Shantanu Roy
20 Aug 2026 4:54 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। अकलतरा थाना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। देर रात करीब 2:30 बजे कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग के बीच पुलिस ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू अभियान चलाया और प्रथम तल पर फंसे 5 परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल थे। घटना अकलतरा के अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स की है। रात में गश्त कर रही अकलतरा पुलिस की टीम जब क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी उसे नीरज कलेक्शंस कपड़ा दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती दिखाई दीं। पुलिस ने तत्काल स्थिति को समझते हुए आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।
आग की लपटों के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस को जानकारी मिली कि दुकान के ऊपर प्रथम तल पर कई परिवार रहते हैं। आग नीचे दुकान से फैल रही थी और ऊपर रहने वाले लोगों के बाहर निकलने का रास्ता आग की चपेट में आ चुका था। स्थिति बेहद गंभीर थी और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों में आग की तेज लपटें उठ रही थीं, जिसके कारण अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। इसके बावजूद पुलिस जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और तत्काल बचाव की योजना बनाई। पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई। इसके माध्यम से प्रथम तल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुष सहित कुल 14 लोग शामिल थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन दल को मौके पर बुलाया गया। होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। करीब ढाई घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास के क्षेत्रों में फैल सकती थी और बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
पुलिस की सजगता की लोगों ने की सराहना
घटना के बाद रेस्क्यू किए गए परिवारों और स्थानीय लोगों ने अकलतरा पुलिस की तत्परता और साहस की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिस की समय पर पहुंच और सूझबूझ से कई लोगों की जान बच गई। अकलतरा पुलिस की इस कार्रवाई को मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया जा रहा है। पुलिस टीम ने न केवल आग की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की, बल्कि संकट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ी घटना को टाल दिया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। आरक्षक शैलेन्द्र राठौर सहित थाना अकलतरा के पुलिस जवानों ने रेस्क्यू अभियान में सक्रिय योगदान दिया। इसके अलावा होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी टीमों के संयुक्त प्रयास से समय रहते आग पर काबू पाया गया और 14 लोगों की जान बचाई जा सकी।
Tagsअकलतरा पुलिसआगजनी की घटनापुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन14 लोगों की जान बचाईकपड़ा दुकान में आगसिसोदिया कॉम्प्लेक्सफायर ब्रिगेड कार्रवाईधमतरी खबरपुलिस की तत्परताबड़ी दुर्घटना टलीAkaltara Policearson incidentpolice rescue operation14 lives savedfire in clothing shopSisodia Complexfire brigade actionDhamtari newspolice promptnessmajor tragedy averted.
Next Story





