
x
छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य के पांच संभागों रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर में AI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही पहले साल में प्रदेशभर में 20 AI डेटा लैब भी खोली जाएंगी। सरकार ने करीब 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI तकनीक का प्रशिक्षण देने की योजना तैयार की है। छत्तीसगढ़ AI मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की बैठक सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सरकारी कामकाज में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने और युवाओं को AI से जोड़ने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
पहले चरण में 15 हजार कर्मचारियों को प्रशिक्षण
सरकार की योजना के अनुसार पहले चरण में 15 हजार सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए NIT, IIIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग लिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक के उपयोग की जानकारी दी जाएगी, ताकि सरकारी कामकाज को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
रायपुर समेत पांच संभागों में बनेंगे AI सेंटर
रायपुर में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का काम NIT और IIIT नया रायपुर के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से AI से जुड़े तकनीकी कार्यों, शोध और नए प्रयोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं, प्रदेश में बनने वाली 20 डेटा लैब के जरिए डेटा आधारित तकनीकी अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा।
स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी AI ट्रेनिंग
राज्य सरकार स्कूली छात्रों, कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए AI आधारित विशेष पाठ्यक्रम तैयार करेगी। इसके लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी विकसित की जाएगी। सरकार ने पहले साल में हजारों युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
Next Story





