
x
छग
Raipur रायपुर। राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस और नगर निगम की टीम ने मालवीय रोड, रजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स, प्रेस कॉम्प्लेक्स और हांडीपारा समेत कई इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान 17 कार चालकों के खिलाफ ई-चालान किया गया, जबकि 6 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है।
मालवीय रोड में लगातार तीसरे दिन एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रखकर कारोबार करने वाले व्यापारियों को समझाइश देकर सामान अंदर कराया गया। सड़क पर कारोबार कर रहे ठेलों को भी हटाया गया। वहीं नो-पार्किंग में खड़े तीन वाहनों पर 300-300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी अभियान के तहत एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम प्रहरी ने रजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स और प्रेस कॉम्प्लेक्स के आसपास कार्रवाई की। यातायात बाधित करने वाले वाहनों और सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान 17 कार चालकों का ई-चालान किया गया और 6 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
हांडीपारा क्षेत्र में सड़क पर यातायात में बाधा बन रहे लावारिस और कंडम वाहनों को भी हटाया गया। कार्रवाई के बाद सड़क को व्यवस्थित कर आवागमन सुचारू कराया गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नागरिकों और व्यापारियों से फुटपाथ एवं सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की गई है।
Next Story





