छत्तीसगढ़

खरेंगा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, पांच ट्रैक्टर जब्त

Shantanu Roy
29 May 2026 11:11 PM IST
खरेंगा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, पांच ट्रैक्टर जब्त
x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले के ग्राम पंचायत खरेंगा में अवैध रेत उत्खनन के दौरान हाल ही में नरकंकाल मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले के तूल पकड़ने के बाद आखिरकार 29 मई को प्रशासन हरकत में आया और खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे पांच ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर लिया गया है। साथ ही संबंधित क्षेत्र के खनिज निरीक्षक को लापरवाही बरतने के आरोप में शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने क्षेत्र में चल रही रेत भंडारण स्वीकृति को भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

जिला खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम खरेंगा स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर प्रशासन द्वारा त्वरित संयुक्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अवैध खुदाई के चलते पूर्व में दफन किया गया एक नरकंकाल भी बाहर निकल आया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की और पाया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था।

इस दौरान पांच ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त किया गया तथा वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही संबंधित फर्म की गौण खनिज साधारण रेत भंडारण अनुज्ञा को भी निरस्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कुछ रेत खदानों का सीमांकन भी दोबारा किया जा रहा है ताकि अवैध उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने यह भी माना कि निगरानी में लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते जिम्मेदार खनिज निरीक्षक पर कार्रवाई की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खरेंगा क्षेत्र लंबे समय से रेत माफियाओं के निशाने पर था, जहां लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों के विरोध और नरकंकाल मिलने के बाद अब प्रशासन की कार्रवाई सामने आई है। लोगों ने मांग की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई हो।
Next Story