छत्तीसगढ़

अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 गुप्त जंगल रास्ते बंद, 4 कोचिये गिरफ्तार

Shantanu Roy
29 Nov 2025 8:24 PM IST
अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 गुप्त जंगल रास्ते बंद, 4 कोचिये गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ में धान परिवहन के अवैध नेटवर्क पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर के निर्देश पर घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ओडिशा से अवैध धान आवक के लिए तैयार किए गए घने जंगलों के बीच मौजूद सात गुप्त रास्तों को चिन्हांकित किया और मौके पर ही जेसीबी बुलाकर उनकी गहरी खुदाई कर रास्तों को पूरी तरह सील कर दिया। ये रास्ते कोचियों द्वारा लाल चंदन तस्करी मॉडल की तर्ज पर गुप्त रूप से तैयार किए गए थे, जिनका उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध धान ढुलाई के लिए किया जा रहा था।

चार अंतरराज्यीय कोचिये गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद चार अंतरराज्यीय कोचियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, ये कोचिये न केवल अवैध धान परिवहन में शामिल पाए गए, बल्कि पूछताछ के दौरान उन्होंने सरकारी टीम के कार्य में बाधा भी उत्पन्न की। इन पर धारा 126, 135(3) और 170 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह नेटवर्क तब सामने आया जब 28 नवंबर को ओडिशा से धान तमनार क्षेत्र के ग्राम बिजना में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन की टीम ने सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया और गुप्त रास्तों के सुबूत जुटाए।

अवैध धान का बड़ा खुलासा, 7,579 क्विंटल जब्त
जिला प्रशासन ने बताया कि धान के अवैध भंडारण, परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभी तक संयुक्त राजस्व–खाद्य–मंडी टीमों द्वारा 7,579 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है और 48 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही रायगढ़, पुसौर, खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, धरमजयगढ़, छाल, कापू, लैलूंगा और मुकडेगा क्षेत्र में कुल 70 बिचौलियों और कोचियों पर दफा 107(6) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। कलेक्टर चतुर्वेदी ने सीमा क्षेत्रों, जंगलों और गांवों में नियमित गश्त बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था के समानांतर चल रहे किसी भी अवैध व्यापार की संभावना को जड़ से खत्म करना ही मुख्य उद्देश्य है।
Next Story